अच्छी सेहत चाहते हैं तो लाइफस्टाइल और खान-पान में सुधार सबसे जरूरी माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, क्या खाना चाहिए से ज्यादा जरूरी ये जानना है कि हमें क्या नहीं खाना चाहिए? जिन चीजों को सेहत के लिए सबसे नुकसानदायक माना जाता है, चीनी उनमें से एक है। ज्यादा चीनी खाना मोटापे से लेकर डायबिटीज, इंफ्लेमेशन जैसी कई समस्याओं को बढ़ाने वाला हो सकता है।
चीनी छोड़ने का मतलब सिर्फ चाय में चीनी डालना बंद करना नहीं है। आपके किचन की कई और चीजों में भी चीनी की मात्रा बहुत ज्यादा हो सकती है, जो अक्सर हमें दिखाई नहीं देती है।सॉस, पैकेज्ड ड्रिंक, फ्लेवर्ड दही में भी चीनी की अधिक मात्रा हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हर मीठी चीज मिठाई जैसी नजर नहीं आती। कुछ चीजों का स्वाद बहुत ज्यादा मीठा भी नहीं होता, फिर भी उनमें शुगर मौजूद हो सकती है। यही वजह है कि सिर्फ चाय की चीनी बंद कर देना काफी नहीं है।