खजूर को बेहद स्वास्थ्यवर्धक सूखे मेवों में से एक माना जाता है। प्राकृतिक रूप से मिठास युक्त खजूर, पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत है जिससे सेहत को कई प्रकार के लाभ हो सकते हैं। थकान और कमजोरी जैसी समस्याओं को दूर करने, शरीर को ऊर्जा देने के साथ इसका सेवन शरीर में रक्त की मात्रा को बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है। इसे फाइबर, पोटैशियम और कॉपर जैसे तत्वों से भरपूर माना जाता है जिसकी हमारे शरीर को बेहतर ढंग से काम करते रहने के लिए रोजाना जरूरत होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना आहार में इस ड्राई फ्रूट को जरूर शामिल करने की सलाह देते हैं।
खजूर में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट के अलावा कई विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर मात्रा में होते हैं, हालांकि इनमें कैलोरी की भी अधिकता होती है। नियमित रूप से खजूर के सेवन करने की आदत शारीरिक कमजोरी के दूर करने और पाचन तथा संक्रमण की समस्याओं को कम करने में आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
खजूर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (43) भी कम होता है, ऐसे में डॉक्टर की सलाह पर डायबिटीज में भी इसका सेवन किया जा सकता है। आइए खजूर में मौजूद उन पोषकताओं के बारे में जानते हैं जो इसे कई मामलों में खास बनाते हैं।