Painkillers And Heart Attack Risk: आजकल मामूली सिरदर्द, बदन दर्द या जोड़ों के दर्द के लिए पेनकिलर यानी दर्द निवारक दवाओं का सेवन एक आम बात हो गई है। बहुत से लोग बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से 'ओवर-द-काउंटर' दवाएं खरीदकर खा लेते हैं। मगर क्या आप जानते हैं कि ये दवाएं आपके दिल के लिए कितनी घातक साबित हो सकती हैं? खासकर अगर आप पहले से ही हृदय रोग के मरीज हैं, तो इन दवाओं का अनियंत्रित सेवन आपके लिए जानलेवा हो सकता है।
चिकित्सा शोधों के अनुसार, नॉन-स्टेरॉयडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स NSAIDs, जैसे कि इबुप्रोफेन और डिक्लोफेनाक, ये दवाएं शरीर में नमक और पानी को जमा करने लगती हैं, जिससे शरीर में सूजन आ सकती है। इससे ब्लड प्रेशर में अचानक बदलाव हो सकता है और हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। जो लोग पहले से ही हार्ट फेलियर या धमनी रोगों से जूझ रहे हैं, उनमें ये दवाएं हार्ट अटैक या स्ट्रोक के जोखिम को कई गुना बढ़ा देती हैं। इसलिए दर्द से राहत पाने की जल्दी में अपने दिल की सेहत को दांव पर लगाना एक बड़ी गलती हो सकती है।