Delhi Air pollution: राजधानी
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों वायु प्रदूषण का व्यापक असर देखा जा रहा है। सोमवार की सुबह भी जब लोगों की आंख खुली तो चारों ओर धुंध और स्मॉग था। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, यहां हवा की क्वालिटी (एक्यूआई) 'बहुत खराब' स्तर में बनी हुई है। शहर के सात इलाकों में एक्यूआई लेवल गंभीर दर्ज स्तर पर किया गया। वहीं, औसत एक्यूआई 366 थी।
प्रदूषण और धुंध के साथ कोहरे का भी असर देखा जा रहा है, जिसके कारण जनजीवन और यातायत दोनों प्रभावित हैं।
राजधानी क्षेत्र में लगातार खराब स्तर में बनी हवा की गुणवत्ता का लोगों की सेहत पर भी सीधा असर देखा जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर के कई अस्पतालों से प्राप्त हो रही जानकारियों के मुताबिक पिछले एक महीन में सांस, गले में खराश, अनियमित हृदय गति सहित प्रदूषण जनित स्वास्थ्य समस्या वाले मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।
डॉक्टरों ने चिंता जताई है कि प्रदूषण का सेहत पर तुरंत असर तो होता ही है साथ ही लगातार बनी रहने वाली खराब हवा की गुणवत्ता के कारण कई क्रॉनिक बीमारियों का भी लोगों में खतरा बढ़ गया है जिसको लेकर सभी लोगों को अलर्ट रहने की आवश्यकता है।
इसके अलावा एक अन्य रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि लगातार प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से शारीरिक गतिविधियों से होने वाले स्वास्थ्य लाभ भी कम हो सकते हैं।