स्पोर्ट्स इंजरी यानी कि खेल के दौरान लगने वाली चोट कुछ स्थितियों में काफी गंभीर हो सकती है, विशेषतौर पर यदि यह चोट सिर पर लगी हो तो इसके कारण कई तरह की गंभीर जटिलताओं का जोखिम हो सकता है। हाल ही में दलीप ट्रॉफी मैच के दौरान क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर को सिर पर चोट लग गई, आनन-फानन में मैदान में एम्बुलेंस बुलानी पड़ी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच के दौरान थ्रो सीधे वेंकटेश के सिर पर लग गई जिसके कारण वह चोटिल हुए हैं। डॉक्टर्स इस प्रकार की सिर पर लगी चोट को काफी गंभीर मानते हैं। फिलहाल वेंकटेश ठीक हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सिर का हिस्सा शरीर को सबसे संवेदनशील अंगों में से एक होता है, इसपर लगने वाली चोट की स्थिति काफी गंभीर हो सकती है। कुछ स्थितियों में इसे जानलेवा भी माना जाता है, यही कारण है कि सभी लोगों को सिर को लगातार सुरक्षित रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है।
आमतौर पर चोट की स्थिति में खोपड़ी, हमारे मस्तिष्क को गंभीर नुकसान से बचा लेती है, हालांकि यदि चोट की तीव्रता अधिक है तो इससे मस्तिष्क को भी क्षति होने का जोखिम होता है।