दिल्ली की रहने वाली आशा के बेटे को बार-बार हाथ-पैर धोने की आदत थी। वो, कहीं से भी घर में आता तो पहले पूरे हाथ-पैर धोता। बैठे-बैठे अचानक हाथ-पैर धोने चला जाता। उन्होंने किसी तरह समझा कर उसकी ये आदत छुड़ाई थी लेकिन अब कोरोना वायरस के दौरा में उसमें फिर से ये लक्षण दिखने लगे हैं। कोरोना वायरस के इस दौर में साफ-सफाई रखने और बार-बार हाथ धोने के लिए कहा जा रहा है ताकि वायरस आपके शरीर तक ना पहुंच पाए।
ऐसे में लोग बार-बार हाथ धो भी रहे हैं लेकिन, अगर आपको लगने लगे कि हर चीज में जर्म्स हैं, वायरस है, गंदगी है, जो आपको नुकसान पहुंचा सकता है और आप बार-बार हाथ धो रहे हैं या सफाई कर रहे हैं तो ये एक बीमारी का लक्षण है। इसे कहते हैं ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (ओसीडी)।