कोरोना का बढ़ता संक्रमण देश और दुनिया के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। पूरी दुनिया को इसकी एक कारगर और सुरक्षित वैक्सीन का इंतजार है। रूस और चीन ने वैक्सीन का पंजीकरण करा लिया है, जबकि भारत, ब्रिटेन, अमेरिका समेत कई अन्य देश वैक्सीन पर कामयाबी के बहुत करीब हैं। भारत समेत कई देशों में इस साल के अंत तक वैक्सीन को मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जबकि साल 2021 में टीकाकरण अभियान भी शुरू होने की उम्मीद है। कई वैक्सीन की डबल डोज संक्रमण से बचाने के लिए जरूरी होगी तो कुछेक सिंगल डोज वैक्सीन पर भी काम हो रहा है। बहरहाल, कोरोना को लेकर हुए कुछ शोध अध्ययनों में यह तो बताया जा चुका है कि मोटापा के शिकार लोगों में वायरस संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है। लेकिन अब एक नए शोध अध्ययन में शोधकर्ताओं ने आशंका जताई है कि मोटे लोगों में वैक्सीन ज्यादा असरदार नहीं होगी।