भारत में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान का आज छठा दिन है। इस दौरान देशभर में अब तक आठ लाख छह हजार लोगों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान एक लाख 31 हजार 649 लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। हालांकि कुछ जगहों पर टीके के कुछ साइड-इफेक्ट भी देखे गए हैं, जो बेहद आम हैं, लेकिन कुछ लोगों में इसको लेकर झिझक भी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने गुरुवार को लोगों की झिझक दूर करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कोवि़ड-19 के ताबूत में टीकाकरण अंतिम कील साबित होगा। हालांकि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से टीकाकरण के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं। इससे लोगों के एक छोटे समूह में वैक्सीन को लेकर झिझक पैदा हो गई है।