कोरोना संक्रमण के बीच शुरुआत से जो सलाह दी जा रही है, वह है समय-समय पर हाथ धोते रहना। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हाथों के जरिए संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा रहता है, क्योंकि हम अक्सर अपने हाथों से अपना चेहरा छूते हैं। अगर वायरस से संक्रमित सतह को हमने स्पर्श किया हो और फिर इन्हीं हाथों से अपने आंख, नाक या मुंह वगैरह छुआ तो हम संक्रमित हो सकते हैं। इस वायरस से बचाव के लिए विशेषज्ञ हाथों को साबुन से बार-बार धोने की सलाह दे रहे हैं। लोग हाथ धोने के साथ अल्कोहल युक्त सैनिटाइजर भी लगा रहे हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार साबुन से धोने और सैनिटाइजर लगाने से उनमें मौजूद रसायनों से हाथों की प्राकृतिक क्रीम और नमी कम होती जाती है। नतीजे में त्वचा रूखी होने लगती है। ऐसे में त्वचा फटने लगती है और इससे आई दरारों में से वायरस शरीर में जा सकता है।