धूम्रपान को वैसे ही सेहत के लिए काफी खतरनाक माना गया है, क्योंकि ऐसा करना फेफड़ों के कैंसर का कारण बन सकता है और अब शोधकर्ताओं का कहना है कि अधिक धूम्रपान करने वालों के कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने की संभावना 89 फीसदी अधिक होती है। दरअसल, महामारी की शुरुआत में, ब्रिटेन के मुख्य चिकित्सा सलाहकार प्रोफेसर क्रिस व्हिट्टी ने जोर देकर कहा था कि 'अगर आप धूम्रपान छोड़ने जा रहे हैं, तो यही सबसे अच्छा मौका है।' इसके अलावा वहां के स्वास्थ्य सचिव मैट हैनकॉक ने भी चेतावनी दी थी कि 'पहले हुए शोधों में यह स्पष्ट हो चुका है कि धूम्रपान कोरोना वायरस के प्रभाव को बदतर बना देता है।'