दुनियाभर में अब तक 11 करोड़ 70 लाख से भी अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 26 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस वायरस के नए-नए वैरिएंट्स ने तो चिंताएं और भी बढ़ा दी हैं। अब एक नए अध्ययन के मुताबिक, व्यापक रूप से फैल रहे कोरोना के नए वैरिएंट्स पर कोविड-19 एंटीबॉडी आधारित दवाएं और अब तक विकसित टीके कम प्रभावी हो सकते हैं। नेचर मेडिसिन नामक पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया है कि कोरोना वायरस के तीन तेजी से फैलने वाले वैरिएंट्स, जो दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन और ब्राजील में पहली बार मिले थे, उस एंटीबॉडी से बच सकते हैं जो वायरस के मूल रूप के खिलाफ काम करता है, जिसने महामारी को जन्म दिया था।