दुनियाभर में लोगों को कोरोना वैक्सीन देने का काम काफी तेजी से चल रहा है। चूंकि अभी तो जितनी भी वैक्सीन लोगों को दी जा रही हैं, वो सभी दो खुराक वाली हैं, लेकिन अब फाइजर कंपनी ने कहा है कि वह 144 वैसे स्वयंसेवकों को तीसरी खुराक देने पर विचार कर रहा है, जो पिछले साल टीके के प्रारंभिक चरण के ट्रायल में भाग ले चुके हैं। फाइजर ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने अपने कोविड-19 वैक्सीन की तीसरी खुराक का अध्ययन करना शुरू कर दिया है, जो कोरोना वायरस के अलग-अलग स्ट्रेन के खिलाफ रक्षा करने की रणनीति का हिस्सा है। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों का ये भी कहना है कि मौजूदा वैक्सीन अभी भी दुनिया के विभिन्न हिस्सों में उभर रहे वैरिएंट से बचाती है, लेकिन फिर भी वैक्सीन निर्माता पहले से ही ऐसी वैक्सीन बनाने की तैयारी में लग गए हैं, जो वायरस के अलग-अलग स्ट्रेन पर भी कारगर हो।