कोरोना वायरस संक्रमण के मामले देश-दुनिया में तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बीच कोरोना को लेकर दुनियाभर के अलग-अलग क्षेत्रों में शोध और अध्ययन हो रहे हैं। अब एक नई रिसर्च स्टडी में यह बात सामने आई है कि कोरोना के इलाज के बाद भी यह वायरस फेफड़े में लंबे समय तक छिपा रह सकता है। चीनी शोधकर्ताओं के मुताबिक वहां अस्पताल से छुट्टी के करीब ढाई महीने बाद भी मरीज पॉजिटिव मिले। वहीं दक्षिण कोरिया में भी काफी लोग इलाज के बाद भी कोरोना पॉजिटिव मिले। चीन और दक्षिण कोरिया के अलावा ताइवान, वियतनाम और अन्य देशों में भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। शोधकर्ताओं के मुताबिक, जांच के लिए सैंपल फेफड़ों की गहराई तक नहीं लिए जाने के कारण इसकी रिपोर्ट निगेटिव आती है।