कोरोना महामारी के इस दौर में ज्यादा प्रभावित होने वाले देशों की सूची में शामिल मेक्सिको से पिछले दिनों एक रिपोर्ट सामने आई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट के मुताबिक, वहां बहुत से लोगों के मन में अस्पताल के प्रति एक डर बैठा हुआ है और इसी कारण वे बीमार होने के बावजूद अस्पताल जाने से बच रहे हैं। इस वजह से इलाज में हो रही देरी को कोरोना से होने वाली मौतों के पीछे की बड़ी वजह बताई गई। अब भारत में कुछ ऐसे ही हालात सामने आ रहे हैं कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से भी जूझ रहे मरीज इलाज के लिए अस्पताल आने से बच रहे हैं। ऐसे में उनका स्वास्थ्य और यहां तक की उनका जीवन भी खतरे में है।