अंटार्कटिक महाद्वीप को छोड़कर कोरोना वायरस दुनियाभर में फैला हुआ था, लेकिन अब इस महाद्वीप को भी कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है। अंटार्कटिक प्रायद्वीप पर मौजूद चिली की सेना ने बताया कि वहां उसके बर्नार्डो ओ'हिगिन्स रिसर्च स्टेशन पर कोरोना के 36 मामले सामने आए हैं, जिसमें से 26 सैनिक हैं और बाकी बचे 10 लोग वहां मेंटेनेंस (रखरखाव) कर्मचारी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संक्रमित लोगों को चिली वापस बुला लिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी कुछ दिन पहले ही चिली की नौसेना ने इस बात की पुष्टि की थी कि अंटार्कटिक में मौजूद उसके रिसर्च स्टेशन पर सप्लाई और लोगों को पहुंचाने वाले एक जहाज पर तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।