आजकल बहुत सारे लोगों को धूल, मिट्टी से संक्रमण या फिर मौसम के जरा सा बदलाव से सर्दी, जुकाम जैसी परेशानियां घेर लेती हैं। परिणामस्वरुप खांसी, छींक, नाक बंद होने और आखों में जलन होने की शिकायत हो जाती है। इस तरह की समस्या में योग क्रिया पर आधारित नाक शोधन की क्रिया “जलनेति” बड़ी ही कारगर है। जलनेति की प्रक्रिया के द्वारा नाक संबंधी समस्या से राहत मिलती है। जलनेति क्रिया के माध्यम से नाक के अंदर तक सफाई होती है जिसकी वजह से सर्दी-जुकाम से होने वाले सारे लक्षणों में आराम मिल जाता है। इस प्रक्रिया के लिए नमकीन गुनगुने पानी को नाक के एक छिद्र से अंदर डालकर दूसरे छिद्र से निकाला जाता है। जलनेति को किसी भी समय किया जा सकता है। अगर किसी व्यक्ति को जुकाम हो गया हो तो ये क्रिया कई बार की जा सकती है।