हमारे घरों में कई ऐसी औषधियां मौजूद होती हैं, जिन्हें अध्ययनों में सेहत के लिए विशेष लाभकारी पाया गया है। ज्यादातर औषधियों को हम सभी रोजाना मसालों के रूप में तो प्रयोग में लाते रहते हैं पर इससे होने वाले फायदों से अनजान होते हैं। दालचीनी ऐसा ही बेहद गुणकारी मसाला है, जिसे कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को कम करने में कारगर पाया गया है। शोध से पता चलता है कि दालचीनी में एंटीऑक्सीडेंट्स के साथ कई प्रकार के प्लांट बेस्ड कंपाउंड्स मौजूद होते हैं, जिससे शरीर को विशेष लाभ प्राप्त हो सकता है। डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं के जोखिम को कम करने में भी इस औषधि के लाभ हो सकते हैं।
आयुर्वेद में दालचीनी के सेवन को विशेष लाभकारी औषधि बताया गया है। मेडिकल साइंस ने भी अध्ययनों में इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ का दावा किया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसमें मौजूद यौगिक, मेटाबॉलिज्म की समस्याओं को कम करने के साथ प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देकर कई प्रकार की बीमारियों के खतरे को कम करने में सहायक हो सकते हैं।
विशेषज्ञ सभी लोगों को नियमित रूप से भोजन में इस औषधि को शामिल करने की सलाह देते हैं। आइए दालचीनी से होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से समझते हैं।