कैंसर दुनियाभर में हर साल लाखों लोगों की मौत का कारण बनता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की 2024 के नवीनतम वैश्विक अनुमानों के अनुसार, दुनियाभर में कैंसर के कारण हर साल लगभग 1 करोड़ लोगों की मौत होती है, यानी दुनिया भर में होने वाली कुल मौतों में से लगभग हर 6 में से 1 मौत कैंसर से होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कैंसर को लेकर सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि आमतौर पर इसकी शुरुआती चरणों में पहचान नहीं हो पाती है, जब तक लोगों को पता चलता है कि उन्हें कैंसर है तब तक ये काफी बढ़ चुका होता है जहां से इलाज और जान बचा पाना कठिन हो जाता है।
आमतौर पर लोग मानते हैं कि शरीर में गांठ, ब्लीडिंग, कमजोरी या वजन कम होना ही कैंसर का संकेत होता है। पर हर बार इन लक्षणों का दिखना जरूरी नहीं है। कुछ कैंसर शुरुआती चरणों में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बढ़ते रह सकते हैं। ऐसे में मरीज खुद को स्वस्थ महसूस करता है, जबकि शरीर में कोशिकाओं के असामान्य बदलाव धीरे-धीरे बढ़ रहे होते हैं।
यही कारण है कि कैंसर की शुरुआती पहचान में स्क्रीनिंग की अहम भूमिका होती है।