फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉक्टर की चेतावनी: कैल्शियम-विटामिन डी ही काफी नहीं, डाइट में इस न्यूट्रिशन की कमी बना रही हड्डियों को कमजोर

Mon, 05 Oct 2026 05:07 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Bone Problems: हड्डियों की मजबूती के लिए कैल्शियम जरूरी है, लेकिन प्रोटीन भी अहम भूमिका निभाता है।ऑस्टियोपोरोसिस से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन के साथ एक्सरसाइज और कैल्शियम, विटामिन डी व मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों पर ध्यान देना जरूरी है।
विज्ञापन
1 of 4
आर्थराइटिस की समस्या और खतरे - फोटो : Amarujala.com/AI
हड्डियों की समस्याएं हर उम्र के लोगों में बढ़ती जा रही हैं। पहले इसे सिर्फ बुजुर्गों की बीमारी के रूप में देखा जाता था, हालांकि अब 30 से कम उम्र वाले भी हड्डियों में कमजोरी, गठिया और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का शिकार देखे जा रहे हैं। महिलाओं में ये खतरा और भी ज्यादा बढ़ जाता है, आमतौर पर 50 की उम्र के बाद मेनोपॉज के चलते होने वाला हार्मोनल असंतुलन महिलाओं में हड्डियों की बीमारी का खतरा और भी बढ़ा देता है।

हड्डियों को मजबूत रखने की बात आते ही सबसे पहले हमारे दिमाग में दूध, कैल्शियम और सप्लीमेंट्स का ख्याल आता है। बचपन से हमें बताया जाता रहा है कि कैल्शियम ही हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए सबसे जरूरी है। लेकिन क्या सिर्फ कैल्शियम से ही हड्डियों की समस्याओं को दूर किया जा सकता है?

ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. डग लुकास ने अलर्ट किया है कि सिर्फ कैल्शियम पर ही ध्यान देकर हड्डियों को मजबूत नहीं रखा जा सकता है। ऑस्टियोपोरोसिस की शिकार महिलाओं में एक जरूरी न्यूट्रिशन की कमी बहुत कॉमन है, जिसपर अक्सर ध्यान ही नहीं दिया जाता है।
विज्ञापन

2 of 4
हड्डियों की बीमारी - फोटो : Freepik.com
पहले ऑस्टियोपोरोसिस के खतरे को समझिए
 
ऑस्टियोपोरोसिस, हड्डियों की गंभीर समस्या है जिसमें हड्डियां कमजोर और भुरभुरी होने लग जाती हैं। डॉ. डग लुकास कहते हैं, इस बीमारी से बचने के लिए लोग कैल्शियम पर पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन उनकी डाइट में प्रोटीन काफी कम होता है। हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रोटीन भी बहुत जरूरी है। 
दरअसल, हड्डियां केवल कैल्शियम से बनी सख्त संरचना नहीं हैं। उनके अंदर प्रोटीन का भी मजबूत ढांचा होता है, जो हड्डियों को मजबूती और लचीलापन देने में मदद करता है। 
 
  • डॉ. लुकास के मुताबिक, हड्डियों के का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा प्रोटीन से बना होता है। इसमें मुख्य भूमिका कोलेजन की होती है। कोलेजन एक तरह का प्रोटीन है जो हड्डियों को लचीलापन और खिंचाव सहने की क्षमता देता है।
  • यही प्रोटीन वाला ढांचा हड्डियों में कैल्शियम और दूसरे मिनरल को टिकाए रखने में मदद करता है। 
  • अगर शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिलता, तो समय के साथ यह ढांचा कमजोर हो सकता है और हड्डियों की मजबूती व लचीलापन प्रभावित हो सकता है।

इसका मतलब यह नहीं है कि कैल्शियम की जरूरत नहीं है। कैल्शियम हड्डियों के लिए बेहद जरूरी है, लेकिन हड्डियों की सेहत केवल कैल्शियम पर निर्भर नहीं करती। इंटरनेशनल ऑस्टियोपोरोसिस फाउंडेशन भी पर्याप्त प्रोटीन को हड्डियों और मांसपेशियों की सेहत के लिए महत्वपूर्ण मानता है।
विज्ञापन

3 of 4
प्रोटीन वाली डाइट - फोटो : Adobe Stock
क्या आपकी डाइट में है भरपूर प्रोटीन?

डॉ. लुकास बताते हैं, स्वस्थ वयस्कों के लिए, रोजाना शरीर के वजन के प्रति किलोग्राम पर कम से कम 0.8 ग्राम (प्रति पाउंड 0.36 ग्राम) प्रोटीन लेने की सलाह दी जाती है। महिलाओं के लिए रोजाना लगभग 46 ग्राम और पुरुषों के लिए 56 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है।
 
  • स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं यह मात्रा आम लोगों की सामान्य डाइट से काफी ज्यादा हो सकती है। इसलिए इस स्तर तक पहुंचने के लिए भोजन को लेकर खास सावधानी की जरूरत है। 
  • डाइट में चिकन, मछली, अंडे, और पौधों से मिलने वाले अच्छे प्रोटीन वाले स्रोतों को नियमित रूप से शामिल करना चाहिए।
विज्ञापन

4 of 4
हड्डियों की समस्याएं - फोटो : Freepik.com
हड्डियों की मजबूती के लिए और किन बातों पर दें ध्यान

डॉ. लुकास बताते हैं, डाइट में प्रोटीन की मात्रा को बढ़ाना हड्डियों सहित संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, लेकिन केवल प्रोटीन से पूरी समस्या हल नहीं होती। आपको कुछ और बातों पर ध्यान देना चाहिए।
 
  • रोजाना पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन लेना हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।
  • नियमित रूप से शारीरिक गतिविधि जरूरी है। वेट लिफ्टिंग वाली गतिविधियां हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करती हैं। 
  • डाइट में कैल्शियम, विटामिन डी3, विटामिन के और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व भी संतुलित मात्रा में जरूरी हैं। 
  • कैल्शियम हड्डियों की संरचना के लिए महत्वपूर्ण है, जबकि विटामिन डी शरीर को कैल्शियम अवशोषित करने में मदद करता है।
  • हड्डियों को मजबूत रखने के लिए कम उम्र से ही अपनी सेहत पर ध्यान देना जरूरी है।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें