दुनियाभर में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के अनुसार, ब्रेस्ट कैंसर दुनियाभर में महिलाओं में होने वाला सबसे आम कैंसर है, जिसके हर साल लगभग 23 लाख नए मामले सामने आते हैं और इससे करीब 6.70 लाख मौतें हो जाती हैं। भारतीय महिलाओं में भी इसका खतरा काफी तेजी से बढ़ता देखा जा रहा है।
अगर कोई आपसे पूछे कि स्तन कैंसर का सबसे पहला संकेत क्या होता है, तो शायद जवाब होगा स्तन में गांठ या स्तन से असामान्य तरीके का डिस्चार्ज होना। लेकिन क्या आप जानते है कि कुछ स्थितियों में शरीर ब्रेस्ट कैंसर का संकेत बिल्कुल अलग तरीके से देता है?
एक अध्ययन की रिपोर्ट में शोधकर्ताओं ने बताया कि अगर चलते समय बार-बार संतुलन बिगड़ने लगे, पैरों में कमजोरी महसूस हो तो ये भी संकेत हो सकता है कि आप कैंसर की चपेट में हो सकती हैं।
डॉक्टर कहते हैं, वैसे तो विटामिन की कमी, स्ट्रोक, कान की समस्याओं और कई अन्य न्यूरोलॉजिकल बीमारियों में भी ऐसी दिक्कतें हो सकती हैं। हालांकि अगर आपको बार-बार ये समस्याएं महसूस हो रही हैं तो इसे बिल्कुल भी अनदेखा न करें।