कैंसर के कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है। पुरुषों में प्रोस्टेट और लंग्स, जबकि महिलाओं में स्तन और सर्वाइकल कैंसर के मामले सबसे ज्यादा रिपोर्ट किए जाते हैं। वैश्विक आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि स्तन कैंसर के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। स्तन कैंसर दुनियाभर में दूसरा सबसे आम और महिलाओं में होने वाले कैंसर में टॉप पर है।
साल 2022 में महिलाओं में स्तन कैंसर के करीब 23 लाख नए मामले सामने आए, वहीं स्तन कैंसर के कारण विश्वभर में 670,000 मौतें हुईं। यहां जानना जरूरी है कि महिलाओं के साथ पुरुषों में भी स्तन कैंसर का खतरा हो सकता है, हालांकि ऐसे मामले काफी दुर्लभ हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, स्तन या ब्रेस्ट कैंसर को लेकर सभी महिलाओं को कम उम्र से ही सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है। कम उम्र में भी आप इसका शिकार हो सकती हैं। जिन महिलाओं के परिवार में पहले किसी को स्तन कैंसर हो चुका है, उनमें इसका खतरा अधिक होता है।
कम उम्र से ही स्तन कैंसर से बचाव के लिए प्रयास करते रहना जरूरी है।