पिछले एक महीने में सिंगापुर-हांगकांग और चीन सहित कई देशों में फिर से
कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने की खबर है। रविवार (18 मई) को खबर आई थी कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड कोरोना संक्रमित हो गए हैं। अब सोमवार को बिग बॉस फेम शिल्पा शिरोडकर भी कोविड का शिकार पाई गई हैं। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में शिल्पा ने लिखा, "नमस्ते दोस्तों! मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। सुरक्षित रहें और मास्क पहनें!
शिल्पा को संक्रमण का शिकार उस समय पाया गया है जब स्वास्थ्य विशेषज्ञ कोविड मामलों में ताजा उछाल पर बारीकी से नजर रख रहे हैं, खासकर दक्षिण पूर्व एशिया में कोरोना के बढ़ते मामले अलार्मिंग हैं। फिलहाल सिंगापुर एक नया हॉटस्पॉट बनकर उभरा है, यहां एक सप्ताह के भीतर ही संक्रमण के मामलों में 28 फीसदी से अधिक का उछाल देखा गया है। चीन से भी सामने आ रही जानकारियों से पता चलता है कि पिछले एक महीने में यहां भी कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
अब चूंकि शिल्पा शिरोडकर कोविड पॉजिटिव पाई गई हैं, ऐसे में सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या भारत में भी संक्रमण बढ़ रहा है?