Air Pollution Heart Risk: वायु प्रदूषण का स्तर इन दिनों चरम पर है। देश के कई बड़े हिस्सों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार है, और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में तो यह आंकड़ा लगभग 370 से उपर पहुंच गया है। ऐसे प्रदूषित हवा में सांस लेने से कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। यह जहरीली हवा हमारे दिल के स्वास्थ्य के लिए बहुत नुकसानदायक है। विशेषज्ञों के अनुसार, वायु प्रदूषण हृदय संबंधी बीमारियों को ट्रिगर करने का एक प्रमुख कारण है।
हवा में मौजूद PM2.5 जैसे अति सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों को पार करके सीधे ब्लड फ्लो में मिल जाते हैं। ये कण रक्त वाहिकाओं में सूजन पैदा करते हैं, रक्त को गाढ़ा करते हैं और धमनियों को सख्त बनाते हैं। जिसकी वजह से ब्लड प्रेशर (रक्तचाप) बढ़ जाता है, खून का थक्का जमने का खतरा बढ़ता है, और यह स्थिति हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा देती है। हृदय रोगी और बुजुर्ग इस खतरे के प्रति सबसे ज्यादा संवेदनशील होते हैं।