आप क्या खाते हैं, यह आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण कड़ी होती है। स्वस्थ आहार शरीर को पोषण देता है जबकि तले-भुने या जंक फूड्स का सेवन करना पेट खराबी के साथ शरीर को कई तरह से और नुकसान पहुंचा सकता है। कई बार भोजन के बाद खाना गले तक आ जाता है, इसके कारण सीने में जलन और कई बार नाक तक में यह एसिड आ सकता है। यह एक अजीब सा एहसास होता है, जिसमें गले में भोजन के एसिडिक रूप में आने से जलन और असहजता भी होने लगती है। यह स्थिति एसिड रिफ्लक्स कहलाती है। आमतौर पर यह सामान्य घरेलू तरीकों से ठीक भी हो सकती है, लेकिन अगर ऐसा बार-बार होता है तो जरूरी है कि डॉक्टर से सलाह ली जाए।
ज्यादातर मामलों में एसिडिटी होने पर घरेलू उपायों को अपनाया जाता है और इससे फर्क भी पड़ता है। लेकिन बार-बार इस समस्या के बने रहने की स्थिति में खान-पान में पतिवर्तन करना जरूरी हो जाता है। यही नहीं इससे जीईआरडी यानी गैस्ट्रोइसोफैगल रिफ्लक्स डिसीज जैसी गम्भीर स्थिति भी पनप सकती है।