Year Ender 2024: यह साल भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों से भरा रहा। भारतीय रेलवे ने इस साल अपने विभिन्न विभागों में 50,000 से अधिक पदों पर भर्तियां निकालकर नौजवानों के सपनों को उड़ान दी। आइए एक नजर इस साल की रेलवे भर्तियों पर डालते हैं।
Year Ender 2024: साल 2024 भारतीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों से भरा रहा। खासतौर पर भारतीय रेलवे ने इस साल अपने विभिन्न विभागों में 50,000 से अधिक पदों पर भर्तियां निकालकर नौजवानों के सपनों को उड़ान दी। इनमें लोको पायलट, टेक्नीशियन, एनटीपीसी, जूनियर इंजीनियर, आरपीएफ कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर, पैरामेडिकल और मिनिस्ट्रियल पोस्ट जैसी श्रेणियां शामिल थीं।
हम सभी साल 2024 के आखिर में पहुंच चुके हैं, जल्द ही नए साल 2025 में प्रवेश करने जा रहे हैं। आइए इससे पहले इस साल की रेलवे भर्तियों पर एक नजर डाल लेते हैं, साथ ही ये भी जानते हैं कि सबसे ज्यादा भर्ती किस विभाग में हुई?
विज्ञापन
2 of 8
Railway Loco Pilot Recruitment 2024
- फोटो : Amar Ujala Graphics
Railway Jobs: लोको पायलट पर सबसे अधिक भर्तियां
भारतीय रेलवे ने 2024 में सबसे ज्यादा लोको पायलट की भर्ती की है। विज्ञापन संख्या CEN 01/2024 के तहत इस साल असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के लिए 18,799 पदों पर भर्तियां निकाली थी। हालांकि रेलवे भर्ती बोर्ड ( RRB) की तरफ से पहले असिस्टेंट लोको पायलट के 5696 पदों पर भर्ती के लिए 20 जनवरी से आवेदन कर मांगे थे। इस भर्ती को लेकर बिहार के पटना में युवाओं ने विरोध जताया था और प्रदर्शन कर रिक्तियों क संख्या बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद रेलवे ने वैकेंसी की संख्या में तीन गुना से ज्यादा इजाफा और आयु सीमा में तीन साल की छूट देने का ऐलान किया था।
असिस्टेंट लोको पायलट की लिखित परीक्षा 25 नवंबर से लेकर 29 नवंबर तक चली, जिसमें 22.5 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए।
Railway Technician Recruitment 2024: रेलवे तकनीशियन के लिए 14298 पदों पर भर्ती
भारतीय रेलवे ने 2024 में दूसरी सबसे बड़ी भर्ती तकनीशियन पदों को भरने के लिए निकाली, जो तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका रहीं। रेलवे भर्ती बोर्ड के विज्ञापन संख्या CEN 02/2024 के तहत पहले बोर्ड ने 9144 रिक्तियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 14298 किया गया था। इस भर्ती में भी विरोध के बाद सीटों में बढ़ोत्तरी की गई थी और दोबारा आवेदन शुरू किए गए थे। पहले आवेदन 9 मार्च से शुरू हुए थे। जिसकी अंतिम तिथि 8 अप्रैल तक थी। भर्ती में पदों की संख्या में बदलाव के बाद 2 अक्तूबर से 16 अक्तूबर के बीच दोबारा लिंक ओपन किया था।
रेलवे तकनीशियन भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के माध्यम से 19 दिसंबर से शुरू हो चुकी है, जिसका अंतिम एग्जाम 29 दिसंबर को निर्धारित है।
Railway NTPC Recruitment 2024: रेलवे एनटीपीसी के लिए 11,558 पदों पर भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड के विज्ञापन संख्या CEN 05/2024 के तहत ग्रेजुएट के कुल 8,113 और विज्ञापन संख्या CEN 06/2024 के तहत अंडर ग्रेजुएट के कुल 3,445 यानी कुल मिलाकर 11,558 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। अंडर ग्रेजुएट के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर से शुरू हुई थी और इसकी अंतिम तिथि 27 अक्तूबर निर्धारित थी। हालांकि अभी इसकी लिखित परीक्षा की कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है। वहीं, ग्रेजुएट के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू हुई थी और इसकी अंतिम तिथि 20 अक्तूबर निर्धारित थी। हालांकि अभी इसकी भी लिखित परीक्षा की कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है।
इस श्रेणी में गार्ड, क्लर्क, स्टेशन मास्टर, और अन्य प्रशासनिक पदों के लिए भर्तियां निकाली गईं। यह भर्ती उन युवाओं के लिए आकर्षक रही, जो गैर-तकनीकी क्षेत्रों में अपना करियर बनाना की तैयारी कर रहे थे।
RRB Railway Junior Engineer Recruitment 2024: जूनियर इंजीनियर (जेई) के लिए 7951 पदों पर भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड के विज्ञापन संख्या CEN 03/2024 के तहत जूनियर इंजीनियर (जेई) के कुल 7951 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिसकी आवेदन प्रक्रिया 30 जुलाई से शुरू हुई थी। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि 29 अगस्त तय की गई थी। हालांकि इसकी लिखित परीक्षा इसी महीने यानी दिसंबर में 16-18 के बीच में आयोजित हुई थी।
RPF Constable & SI Recruitment 2024: आरपीएफ कांस्टेबल और सब इंस्पेक्टर भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड के विज्ञापन संख्या CEN RPF 02/2024 के तहत कांस्टेबल के कुल 4,208 और विज्ञापन संख्या CEN RPF 01/2024 के तहत सब इंस्पेक्टर के कुल 452 यानी कुल मिलाकर 4,660 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू हुई थी और इसकी अंतिम तिथि 14 मई निर्धारित थी। हालांकि अभी कांस्टेबल लिखित परीक्षा की कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं हुई है। वहीं सब इंस्पेक्टर के लिए 2 से 13 दिसंबर तक आयोजित हुई थी।
रेलवे सुरक्षा बल में इन भर्तियों ने न केवल युवाओं को एक जिम्मेदारीपूर्ण करियर का अवसर दिया, बल्कि सुरक्षा को और मजबूत किया।
Railway Paramedical Categories Recruitment 2024: रेलवे पैरामेडिकल कैटेगरी भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड के विज्ञापन संख्या CEN 04/2024 के तहत रेलवे पैरामेडिकल कैटेगरी के कुल 1376 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिसकी आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू हुई थी। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि 16 सितंबर तय की गई थी। हालांकि इसकी लिखित परीक्षा का अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
RRB Ministerial and Isolated Post Recruitment 2024
- फोटो : Amar Ujala Graphics
RRB Ministerial and Isolated Post Recruitment 2024: आरआरबी मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड के विज्ञापन संख्या CEN No 07/2024 के तहत मिनिस्टीरियल और आइसोलेटेड के कुल 1036 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिसकी आवेदन प्रक्रिया 7 जनवरी 2025 से शुरू होंगे। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि 6 फरवरी तय की गई है। हालांकि इसकी लिखित परीक्षा का अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। ये भर्तियां उन उम्मीदवारों के लिए थीं, जो कार्यालयी और प्रबंधकीय कार्यों में रुचि रखते हैं।