JSSC Lab Assistant recruitment Applications 2023 Begins: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने झारखंड प्रयोगशाला सहायक प्रतियोगी परीक्षा-2023 के लिए आवेदन प्रक्रिया आज यानी पांच अप्रैल से शुरू कर दी है। इसके लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jssc.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं।
झारखंड प्रयोगशाला सहायक प्रतियोगी परीक्षा-2023 के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख चार मई 2023 तक है। उम्मीदवार आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन कर सकते हैं।
जेएसएससी की भर्ती अभियान का लक्ष्य प्रयोगशाला सहायकों के लिए कुल 690 रिक्तियों को भरना है। इसमें रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और भौतिकी क्षेत्र में प्रत्येक में 230 रिक्तियां शामिल हैं।
झारखंड में प्रयोगशाला सहायकों की भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 100 रुपये की फीस ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगी। राज्य के अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए यह फीस 50 रुपये है।
झारखंड सरकार की इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को सम्बन्धित विषय में कम से कम 50 फीसदी अंकों के साथ ग्रेजुएट होना चाहिए। आरक्षित वर्गों के लिए कट-ऑफ 45 फीसदी है।
झारखंड प्रयोगशाला सहायक प्रतियोगी परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु सीमा एक जनवरी, 2023 को 21 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणियों के लिए ऊपरी आयु सीमा में छूट दी गई है।