फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2020: सुशांत, इरफान, ऋषि, सरोज समेत साल 2020 ने छीन लिए ये 70 बेशकीमती नगीने

Sat, 02 Jan 2021 10:50 AM IST
कुमार संभव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 74
Year Ender 2020: सुशांत सिंह राजपूत, ऋषि कपूर, सरोज खान, इरफान खान - फोटो : सोशल मीडिया
साल कोई भी हो, थोड़ी खुशी और थोड़ा गम जरूर देता है। ...लेकिन साल 2020 ने तो शुरुआत से गमों का ऐसा पिटारा खोला, जिसका अंत साल के आखिर तक नहीं हो सका। दरअसल, साल 2020 में काल के क्रूर हाथों ने हमारे बीच से कई बेशकीमती नगीनों को छीन लिया। इनमें बॉलीवुड के सितारों के साथ-साथ टीवी-थिएटर के कलाकार और राजनेता भी शामिल हैं। इस रिपोर्ट में हम जानते हैं कि बीते साल हमने किन-किन शख्सियतों को खो दिया...
Trending Videos
विज्ञापन

चारूलता पटेल, टीम इंडिया की सबसे बुजुर्ग फैन

2 of 74
विराट कोहली के साथ चारूलता पटेल - फोटो : सोशल मीडिया
अगर आप क्रिकेट प्रेमी हैं तो चारूलता पटेल को जानते ही होंगे। अगर नहीं तो हम बता देते हैं। चारूलता पटेल को क्रिकेट की सुपरफैन होने का दर्जा दिया गया है। इंग्लैंड में हुए 2019 क्रिकेट विश्व कप के दौरान उन्हें स्टेडियम में देखा गया था, लेकिन 13 जनवरी को वह हमें अलविदा कहकर चली गईं। उस वक्त वह 87 साल की थीं।
विज्ञापन

सेजल शर्मा, टीवी कलाकार

3 of 74
सेजल शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
'दिल्ली तो हैप्पी है जी' की सिम्मी खोसला के किरदार से घर-घर में मशहूर हो चुकी टीवी कलाकार सेजल शर्मा ने अचानक दुनिया को अलविदा कह दिया। दरअसल, सेजल ने 24 जनवरी को आत्महत्या कर ली। 

कोबे ब्रायंट, अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी

4 of 74
कोबे ब्रायंट - फोटो : social media
अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबे ब्रायंट का 41 साल की उम्र में निधन हो गया। कोबे और उनकी बेटी गियाना की मौत 26 जनवरी को विमान हादसे के चलते हुई।
विज्ञापन

किर्क डगलस, मशहूर अभिनेता 

5 of 74
किर्क डगलस - फोटो : ट्विटर
स्पार्टकस’ और ‘पाथ्स ऑफ ग्लोरी’ एक्टर और माइकल डगलस के पिता किर्क डगलस का 103 की उम्र में पांच फरवरी को निधन हो गया है। किर्क, यूएस के लीडिंग एक्टर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर रह चुके हैं। साल 1940 में ये काफी मशहूर हुए। इन्होंने अपने करियर में करीब 100 फिल्में कीं, लेकिन बाद में स्ट्रोक होने के कारण इन्हें इंडस्ट्री को छोड़ना पड़ा। हॉलीवुड में 50 साल पूरे करने के अवसर पर 1996 में उन्हें ऑस्कर के मानद पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 
विज्ञापन

बलबीर सिंह सीनियर, हॉकी खिलाड़ी

6 of 74
बलबीर सिंह सीनियर, हॉकी खिलाड़ी - फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज खिलाड़ी और ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बलवीर सिंह कुल्लर ने 28 फरवरी 2020 को दुनिया से आखिरी विदा ले ली। उन्हें पंजाब स्थित अपने घर में दिल का दौरा पड़ा था। उनकी उम्र 77 साल थी। 
विज्ञापन

निम्मी, बॉलीवुड अभिनेत्री

7 of 74
निम्मी - फोटो : सोशल मीडिया
बॉलीवुड की दिग्गज कलाकार निम्मी ने मुंबई के जुहू में 25 मार्च को अंतिम सांस ली थीं। वह 87 साल की थीं। निम्मी ने राज कपूर की फिल्म बरसात से डेब्यू किया था। 1950 और 1960 के दशक में निम्मी ने आन (1952), दाग (1952), उड़न खटोला (1954), बसंत बहार (1956) और मेरे महबूब (1963) आदि सुपरहिट फिल्में दी थीं।

सेतुरमन, तमिल अभिनेता

8 of 74
सेतुरमन, तमिल अभिनेता - फोटो : सोशल मीडिया
साल 2020 ने कई उभरते सितारों को भी छीन लिया। इनमें तमिल कलाकार और त्वचा विशेषज्ञ डॉ. सेतुरमन भी शामिल हैं। 26 मार्च को चेन्नई में उन्हें दिल का दौरा पड़ा और महज 34 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। 

एमके अर्जुनन, मलयालम संगीतकार

9 of 74
एमके अर्जुनन - फोटो : सोशल मीडिया
साल 2020 में 6 अप्रैल को मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज संगीतकार एमके अर्जुनन ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 84 साल के थे। अर्जुनन को अर्जुनन मास्टर के नाम से जाना जाता था। उन्होंने अपने दौर में 700 से ज्यादा गाने कंपोज किए थे।

उषा गांगुली, थिएटर कलाकार

10 of 74
उषा गांगुली - फोटो : सोशल मीडिया
थिएटर की दिग्गज कलाकार और निर्देशक उषा गांगुली का निधन 23 अप्रैल 2020 को दिल का दौरा पड़ने से हो गया। वह 75 साल की थीं। 1970 और 1980 के दशक में कोलकाता में हिंदी थिएटर जगत में उषा गांगुली ने काफी योगदान दिया था। बता दें कि गुड़िया घर में रोल निभाने के लिए बंगाल सरकार ने उषा गांगुली को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया था।

इरफान खान, बॉलीवुड अभिनेता

11 of 74
इरफान खान - फोटो : Instagram
साल 2020 में बॉलीवुड को सबसे बड़ा झटका अप्रैल के महीने में ही लगा। 29 अप्रैल को मुंबई को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आंखों से अभिनय करने वाले इरफान खान ने अंतिम सांस ली। वह 53 साल के थे। 2018 में इरफान को कैंसर होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद लंदन में लगातार उनका इलाज हुआ, लेकिन वह हमें अलविदा कह गए।

ऋषि कपूर, बॉलीवुड अभिनेता

12 of 74
ऋषि कपूर - फोटो : ट्विटर
इरफान खान के अलविदा कहने के अगले ही दिन यानी 30 अप्रैल को बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर ने भी इस दुनिया से विदाई ले ली। ऋषि कपूर 67 साल के थे। वह काफी समय से कैंसर से जूझ रहे थे। 

मोहित बघेल, बॉलीवुड अभिनेता

13 of 74
सलमान खान के साथ मोहित बघेल - फोटो : सोशल मीडिया
सलमान खान की फिल्म 'रेडी' में अमर चौधरी का किरदार निभाने वाले मोहित बघेल ने 24 मई को अंतिम सांस ली। वह कैंसर से जूझ रहे थे। मोहित बघेल महज 26 साल के थे। मोहित ने इक्कीस तोपों की सलामी और गली-गली चोर है आदि फिल्मों में भी काम किया था।

प्रेक्षा मेहता, टीवी कलाकार

14 of 74
प्रेक्षा मेहता - फोटो : Social Media
क्राइम पैट्रोल, तू आशिकी, लाल इश्क और मेरी दुर्गा आदि टीवी शो में अहम भूमिकाएं निभाने वाली प्रेक्षा मेहता ने 25 मई को आत्महत्या कर ली। प्रेक्षा ने अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म पैडमैन में भी काम किया था। 

अजीत जोगी, पूर्व मुख्यमंत्री

15 of 74
अजीत जोगी - फोटो : SELF
छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने 29 मई 2020 को अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 74 साल थी। 9 मई को जोगी को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई। 

बेजान दारूवाला, ज्योतिषी

16 of 74
बेजान दारूवाला
एक हजार साल के दौर में 100 महान ज्योतिषियों में शामिल बेजान दारूवाला ने 29 मई को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 88 साल के थे। बता दें कि कोविड-19 वायरस के लक्षण दिखने पर बेजान दारूवाला अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। 

योगेश गौड़, गीतकार

17 of 74
योगेश गौड़ - फोटो : Social Media
फिल्म जगत में योगेश के नाम से मशहूर दिग्गज गीतकार योगेश गौड़ ने 29 मई को अंतिम सांस ली। सुपरहिट फिल्म आनंद (1971) के 'कहीं दूर जब दिन ढल जाए' और 'जिंदगी कैसी है पहेली' जैसे शानदार गीत योगेश गौड़ ने ही लिखे थे। उन्होंने हृषिकेश मुखर्जी और बासु चटर्जी जैसे नामचीन लोगों के साथ काम किया था।

वाजिद खान, संगीतकार

18 of 74
वाजिद खान - फोटो : सोशल मीडिया
'हुड़-हुड़ दबंग', 'जलवा', 'चिंता ता चिता चिता' और 'फेविकोल से' आदि गानों से मशहूर हुए वाजिद खान ने एक जून को यह दुनिया छोड़ दी। वह 42 साल के थे। इसके साथ ही साजिद-वाजिद की मशहूर जोड़ी की अहम कड़ी टूट गई। वाजिद खान को दिल का दौरा पड़ा था। 

अनिल सूरी, बॉलीवुड प्रोड्यूसर

19 of 74
अनिल सूरी - फोटो : Social Media
राज कुमार और रेखा अभिनीत फिल्में कर्मयोगी और राजतिलक जैसी शानदार फिल्में प्रॉड्यूस करने वाले अनिल सूरी 4 जून को इस दुनिया को अलविदा कह गए। खौफनाक कोरोना वायरस ने उन्हें हमसे छीन लिया। 

बासु चटर्जी, फिल्ममेकर-स्क्रीन राइटर

20 of 74
बासु चटर्जी - फोटो : Social Media
'छोटी-सी बात', रजनीगंधा, बातों बातों में, एक रुका हुआ फैसला और चमेली की शादी जैसी शानदार फिल्मों के निर्देशक और फिल्मेमेकर-स्क्रीनराइटर बासु चटर्जी ने ने चार जून को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 93 साल के थे। 

चिरंजीवी सरजा, कन्नड़ कलाकार

21 of 74
चिरंजीवी सरजा - फोटो : Social Media
कन्नड़ कलाकार चिरंजीवी सरजा की बेंगलुरु में सात जून को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वह 39 साल के थे। चिरंजीवी अभिनेता ध्रुव सरजा के भाई और अभिनेता अर्जुन सरजा के भतीजे थे। 

जयरामन अनबझगन, राजनेता

22 of 74
जयरामन अनबझगन - फोटो : सोशल मीडिया
तमिलनाडु विधानसभा में तीन बार डीएमके विधायक रह चुके जयरामन अनबझगन का निधन 10 जून को हुआ। वह 62 साल के थे। उन्होंने 'आधी भगवान' फिल्म भी निर्देशित की थी।  

जागेश मुकाती, टीवी कलाकार

23 of 74
जागेश मुकाती - फोटो : ट्विटर
'अमिता का अमित' और 'श्री गणेश' आदि सीरियल्स में काम कर चुके जागेश मुकाती ने 12 जून को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 47 साल के थे। मुकाती अक्सर गुजराती नाटक और शो में नजर आते थे। उन्होंने परिणीति चोपड़ा और सिद्धार्थ मल्होत्रा अभिनीत फिल्म 'हंसी तो फंसी' में भी काम किया था।

सुशांत सिंह राजपूत, बॉलीवुड अभिनेता

24 of 74
सुशांत सिंह राजपूत - फोटो : instagram/sushantsinghrajput
इस साल देश की सबसे चौंकाने वाली घटनाओं में से एक घटना बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत रही। पूरे देश में सुशांत की हत्या और आत्महत्या को लेकर कई महीने तक चर्चा होती रही। इसके बाद बॉलीवुड में ड्रग्स का कनेक्शन भी सामने आया। 'किस देश में रहता है मेरा दिल' और 'पवित्र रिश्ता' जैसे सीरियल्स से चर्चा में आए सुशांत ने 'काई पो छे' फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने शुद्ध देसी रोमांस, डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी, एमएस धोनी, सोनचिरिया, छिछोरे और दिल बेचारा फिल्मों में काम किया था।

समीर बांगड़ा, बॉलीवुड पर्सनालिटी

25 of 74
समीर बांगड़ा - फोटो : सोशल मीडिया
क्योंकि डिजिटल मीडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और को-फाउंडर समीर बांगड़ा की मौत सड़क हादसे में हुई थी। उन्होंने 14 जून को अंतिम सांस ली। फिल्म जगत में समीर बेहद सादगी पसंद इंसान के रूप में मशहूर थे। जानकार बताते हैं कि समीर ने कई लोगों का करियर बनाने में मदद की थी। 

सरोज खान, कोरियोग्राफर

26 of 74
सरोज खान
बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान भी साल 2020 में ही दिल का दौरा पड़ने के बाद इस दुनिया को अलविदा कह गईं। उन्होंने 3 जुलाई को अंतिम सांस ली। वह 71 साल की थीं। सरोज खान ने करीब दो हजार गानों में कोरियोग्राफी की। श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित के साथ उनकी जोड़ी लाजवाब रही। 

एनिओ मॉरिकेन, मशहूर संगीतकार

27 of 74
एनिओ मॉरिकेन - फोटो : सोशल मीडिया
द अग्ली, मिशन औ सिनेमा परेडिसोज जैसी फिल्मों मं संगीत देने वाले संगीतकार एनिओ मॉरिकेन का 6 जुलाई को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे।

हरीश शाह, फिल्म निर्माता

28 of 74
हरीश शाह - फोटो : सोशल मीडिया
कैंसर से काफी लंबी जंग लड़ने के बाद फिल्म निर्माता हरीश शाह भी 7 जुलाई को इस दुनिया से नाता तोड़कर चले गए। वह 76 साल के थे। हरीश शाह ने बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत राजेश खन्ना की फिल्म मेरे जीवन साथी (1972) से की थी। इसके बाद काला सोना (1975) और राम तेरे कितने नाम (1985) फिल्में उन्होंने बनाईं। हरीश शाह की आखिरी फिल्म सनी देओल अभिनीत जाल द ट्रैप (2003) थी।

सुशील गौड़ा, कन्नड़ टीवी कलाकार

29 of 74
सुशील गौड़ा - फोटो : सोशल मीडिया
कन्नड़ टीवी के कलाकार सुशील गौड़ा का निधन 7 जुलाई को हुआ। कन्नड़ टीवी सीरियल अंतपूर्णा से चर्चा में आए सुशील ने लॉकडाउन के दौरान आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने आने वाली कन्नड़ फिल्म सलागा में अहम किरदार निभाया है।

जगदीप, बॉलीवुड अभिनेता

30 of 74
जगदीप - फोटो : Instagram
फिल्म शोले के सूरमा भोपाली के नाम से विख्यात जगदीप ने 8 जुलाई को इस जग से विदा ले ली। वह 81 साल के थे। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। जगदीप ने अपने करियर में 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। 

रजत मुखर्जी, फिल्म निर्देशक

31 of 74
रजत मुखर्जी - फोटो : ट्विटर
बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रजत मुखर्जी ने 19 जुलाई को जयपुर में अंतिम सांस ली। वह काफी समय से किडनी से संबंधित बीमारी से जूझ रहे थे। प्यार तूने क्या किया और लव इन नेपाल आदि फिल्मों से रजत चर्चा में आए थे। 

लालजी टंडन, राज्यपाल, मध्यप्रदेश

32 of 74
लालजी टंडन - फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन ने 21 जुलाई को अंतिम सांस ली। वह 85 साल के थे। यूरीन और लिवर में इंफेक्शन के चलते लालजी टंडन को 18 जुलाई को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई।

ओलिविया डी हैविलैंड, मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री

33 of 74
ओलिविया डी हैविलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और दो बार ऑस्कर पुरस्कार विजेता रहीं ओलिविया डी हैविलैंड 20 जुलाई का निधन हो गया। वह 104 वर्ष की थीं। अभिनेत्री की प्रचारक लीजा गोल्बर्ग ने बताया कि हैविलैंड ने पेरिस स्थित अपने घर में आखिरी सांस ली। हैविलैंड का जन्म एक जुलाई 1916 में तोक्यो में ब्रिटिश पेटेंट अटॉर्नी के यहां हुआ था। जब वह तीन साल की थी, उनके माता-पिता अलग हो गए थे। उनकी मां उन्हें और उनकी बहन जोन को कैलिफोर्निया ले आईं। ओलिविया को पांच बार अकादमी पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया, जिनमें से टू ईच हर ओन (1946) और द हैरिस (1949) के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ऑस्कर दिया गया।

कुमकुम, अभिनेत्री

34 of 74
कुमकुम - फोटो : Social Media
100 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकीं और कभी आर, कभी पार व मेरे महबूब कयामत होगी जैसे मशहूर गानों में काम करने वाली दिग्गज अभिनेत्री कुमकुम ने 28 जुलाई को यह दुनिया छोड़ दी। वह 86 साल की थीं। मदर इंडिया, सन ऑफ इंडिया, कोहिनूर, उजाला, नया दौर आदि फिल्मों में बेहतरीन अभिनय के लिए कुमकुम को याद किया जाता है।

एलन पार्कर, मशहूर फिल्म निर्माता

35 of 74
एलन पार्कर - फोटो : सोशल मीडिया
ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलन पार्कर का 76 साल की उम्र में 31 जुलाई को निधन हो गया। पार्कर लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों का सामना कर रहे थे। पार्कर म्यूजिकल कॉमेडी के साथ-साथ क्राइम ड्रामा बनाने में भी काफी सहज थे। पार्कर ने अपने करियर की शुरुआत 1976 में गैंगस्टर फिल्मों से की। 

समीर शर्मा, टीवी कलाकार

36 of 74
अभिनेता समीर शर्मा (फाइल फोटो) - फोटो : Social Media
स्टार प्लस के सीरियल 'ये रिश्ते हैं प्यार के' में काम कर चुके टीवी कलाकार समीर शर्मा ने 6 अगस्त को आत्महत्या कर ली। वह क्योंकि सास भी कभी बहू थी, लेफ्ट राइट लेफ्ट, ज्योति, इस प्यार को क्या नाम दूं और एक बार फिर आदि धारावाहिकों में काम करके चर्चा में आए थे।  

अनुपमा पाठक, भोजपुरी कलाकार

37 of 74
अनुपमा पाठक - फोटो : सोशल मीडिया
भोजपुरी कलाकार अनुपमा पाठक ने 7 अगस्त को अपने मुंबई स्थित घर में आत्महत्या कर ली थी। वह बिहार के पूर्णिया जिले से ताल्लुक रखती थीं। उन्होंने कई भोजपुरी फिल्मों और धारावाहिकों में काम किया था।

कैप्टन दीपक साठे, एयर इंडिया पायलट

38 of 74
कैप्टन दीपक साठे - फोटो : PTI
केरल के कोझिकोड एयरपोर्ट पर 7 अगस्त को हुआ प्लेन क्रैश आज भी सबके जेहन में है। उस दर्दनाक हादसे में एयर इंडिया का विमान दो हिस्सों में बंट गया था। इस घटना में एयर इंडिया के पायलट कैप्टन दीपक साठे की भी मौत हो गई थी। वह 59 साल के थे।

राहत इंदौरी, कवि व गीतकार

39 of 74
राहत इंदौरी(फाइल फोटो)
अपनी बेलौस शायरी से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले मशहूर शायर, कवि और गीतकार राहत इंदौरी ने 11 अगस्त को इस दुनिया का दिल तोड़ दिया। दरअसल, इसी दिन कार्डियक सर्जरी के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। बता दें कि अपनी कविताओं और शायरी के अलावा राहत इंदौरी ने कई उम्दा गीत भी लिखे। इनमें करीब फिल्म का चोरी चोरी जब नजरें मिलीं, मिशन कश्मीर का बूमरो, मीनाक्षी का ये रिश्ता क्या कहलाता है और मर्डर का दिल को हजार बार आदि गाने शामिल हैं।

पीके मुथुस्वामी, तमिल फिल्म गीतकार

40 of 74
पीके मुथुस्वामी - फोटो : सोशल मीडिया
तमिल फिल्मों के जाने-माने गीतकार पीके मुथुस्वामी ने 11 अगस्त को अंतिम सांस ली। वह कई अनूठी रचनाओं के लिए जाने जाते हैं।

चेतन चौहान, नेता व पूर्व क्रिकेटर

41 of 74
चेतन चौहान - फोटो : पीटीआई
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान ने 16 अगस्त को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 73 साल के थे। कोविड-19 के संक्रमण के चलते चेतन चौहान को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

पंडित जसराज, संगीत सम्राट

42 of 74
पंडित जसराज - फोटो : https://twitter.com/airnewsalerts
पद्म विभूषण से सम्मानित संगीत सम्राट पंडित जसराज भी 17 अगस्त को इस दुनिया से विदा लेकर चले गए। वह 90 साल के थे। उन्होंने अमेरिका के न्यू जर्सी में अंतिम सांस ली। पंडित जसराज ने अपनी जिंदगी के करीब 80 साल संगीत को सौंप दिए। उन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री आदि सम्मान दिए गए थे।

निशिकांत कामत, निर्देशक-अभिनेता

43 of 74
निशिकांत कामत - फोटो : instagram/cineclubgurgaon
लीवर सिरोसिस से लंबे समय तक जूझने के बाद निर्देशक और अभिनेता निशिकांत कामत ने 17 अगस्त को हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में आखिरी सांस ली थी। वह 50 साल के थे। डोम्बिवली फास्ट, मुंबई मेरी जान, फोर्स, दृश्यम, रॉकी हैंडसम और मदारी जैसी शानदार फिल्मों से कामत ने अपनी पहचान बनाई थी। इसके अलावा बतौर अभिनेता उन्होंने डैडी, रॉकी हैंडसम, जूली-2 और भावेश जोशी में काम किया था।

एबी राज, फिल्म निर्माता

44 of 74
एबी राज, फिल्म निर्माता - फोटो : सोशल मीडिया
दिग्गज फिल्म निर्माता एबी राज ने 23 अगस्त को चेन्नई में अंतिम सांस ली थी। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। वह 95 साल के थे। एबी राज ने ए भास्कर राज के नाम से 10 से ज्यादा फिल्में बनाई थीं। वहीं, 1960 के बाद उन्होंने मलयालम फिल्में बनाना शुरू कर दिया था।

अर्चना महंत, असमिया गायिका

45 of 74
अर्चना महंत - फोटो : सोशल मीडिया
असमिया भाषा की दिग्गज गायिका अर्चना महंत ने 27 अगस्त को इस दुनिया से विदा ले ली। वह 72 साल की थीं। अर्चना महंत को जुलाई मध्य में स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। अर्चना ने अपने पति खगेन महंत के साथ मिलकर असमिया लोक संगीत को लोकप्रिय बनाया।

चैडविक बोसमैन, मशहूर अभिनेता

46 of 74
चैडविक बोसमैन - फोटो : instagram: chadwickboseman
'वकांडा के सम्राट' नाम से मशहूर एक्टर चैडविक बोसमैन का 28 अगस्त को निधन हुआ था। उनकी मौत ने पूरी दुनिया की फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया। ब्लैक पैंथर के अभिनेता बोसमैन की मौत कोलोन कैंसर के चलते हुई थी। 

प्रणब मुखर्जी, पूर्व राष्ट्रपति

47 of 74
प्रणब मुखर्जी - फोटो : PTI
देशभर में प्रणब दा के नाम से मशहूर पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 31 अगस्त को अंतिम सांस ली। वह 84 वर्ष के थे। दिमाग की सर्जरी के लिए उन्हें 10 अगस्त को आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान उनका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था। वहीं, दिमाग की सर्जरी के बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई।

एस मोहिंदर, संगीतकार

48 of 74
एस मोहिंदर - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
1950 और 1960 के दशक के मशहूर दिग्गज संगीतकार एस मोहिंदर 6 सितंबर को इस दुनिया से नाता तोड़कर चले गए। वह 94 साल के थे। उन्होंने श्रीमति जी (1952), पापी (1953), नाता (1955), और पिकनिक (1966) समेत करीब 50 फिल्मों में संगीत दिया था। 

जय प्रकाश रेड्डी, तेलुगु अभिनेता

49 of 74
जय प्रकाश रेड्डी - फोटो : Twitter: @ncbn
तेलुगु फिल्म जगत के बेहतरीन अभिनेता जय प्रकाश रेड्डी को आठ सितंबर को दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने इस दुनिया से रिश्ता तोड़ लिया। वह 74 साल के थे। उन्होंने समरसिम्हा रेड्डी, नरसिम्हा नायडू, रेडी, किक, जयम मनदेरा, जंबा लकिड़ी पांबा आदि फिल्मों में काम किया था। 

श्रावणी कोंडावल्ली, तेलुगु टीवी कलाकार

50 of 74
श्रावणी कोंडावल्ली - फोटो : सोशल मीडिया
तेलुगु टीवी की कलाकार श्रावणी कोंडावल्ली आठ सितंबर को अपने हैदराबाद स्थित घर में मृत मिली थीं। 26 साल की इस अदाकारा ने कथित तौर पर टीवी कलाकार अंबाती देवराजा रेड्डी, प्रॉपर्टी कारोबारी मंगमुथुला साईं कृष्णा रेड्डी और टॉलीवुड प्रोड्यूसर गुम्माकोंडा अशोक रेड्डी से प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर ली थी। 

वादीवेल बालाजी, तमिल अभिनेता

51 of 74
वादीवेल बालाजी - फोटो : सोशल मीडिया
तमिल फिल्मों के अभिनेता वादीवेल बालाजी ने 10 सितंबर को इस दुनिया से विदा ले ली। वह 42 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल का दौरा पड़ने के बाद वादीवेल का इलाज चल रहा था। उस दौरान उनका निधन हो गया। उन्होंने कोलमावु कोकिला, पंध्यम, सुत्ता पंजम सुधाता पंजम और यारडू महेश आदि फिल्मों में काम किया था।

अजित दास, उड़िया अभिनेता

52 of 74
अजित दास - फोटो : ट्विटर
हकीम बाबू और टुंडा बैदा आदि फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाले दिग्गज उड़िया अभिनेता अजित दास ने 13 सितंबर को अंतिम सांस ली। कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। एनएसडी पासआउट अजित दास ने 60 से ज्यादा उड़िया फिल्मों में काम किया था। वहीं, कई फिल्में प्रोड्यूस भी की थीं। उनकी लोकप्रिय फिल्मों में मां, नंदिनी आई लव यू और केबे तमे नाहा  केबे मू नाही आदि शामिल हैं। वहीं, इश्क पुणि उनकी आखिरी फिल्म थी।

फ्लोरेंट सी परेरा, तमिल अभिनेता

53 of 74
Florent C Pereira - फोटो : Twitter @sri50
तमिल अभिनेता फ्लोरेंट सी परेरा ने 14 सितंबर को चेन्नई में अंतिम सांस ली। वह 67 साल के थे। परेरा ने 2003 के दौरान पुधिया गीथई फिल्म से तमिल सिनेमा जगत में डेब्यू किया था। वह कयाल फिल्म से सुर्खियों में आए थे। इसके बाद उन्होंने धर्मधुरई, वीआईपी-2, मंथिरी, थोडारी आदि फिल्मों में काम किया था।

प्रबीश चकलाक्कल, मलयालम अभिनेता

54 of 74
प्रबीश चकलाक्कल - फोटो : सोशल मीडिया
मलयालम अभिनेता और डबिंग कलाकार प्रबीश चकलाक्कल का निधन 14 सितंबर को चेन्नई में हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 44 वर्षीय प्रबीश एक अवेयरनेस मूवी के सेट पर अचानक गिर गए थे और अस्पताल पहुंचने से पहले उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

आशालता वाबगांवकर, बॉलीवुड अभिनेत्री

55 of 74
आशालता वाबगांवकर - फोटो : अमर उजाला आर्काइव, मुंबई
वो सात दिन, आहिस्ता-आहिस्ता, शौकीन, अंकुश और नमक हलाल जैसी बेहतरीन फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाली आशालता वाबगांवकर ने 22 सितंबर को सतारा में अंतिम सांस ली। वह 79 साल की थीं।

भूपेश कुमार पंड्या, बॉलीवुड अभिनेता

56 of 74
भूपेश कुमार पंड्या - फोटो : सोशल मीडिया
थिएटर कलाकार और अभिनेता भूपेश कुमार पंड्या ने काफी समय तक फेफड़ों के कैंसर से जूझने के बाद 23 सितंबर को अंतिम सांस ली। भूपेश ने विकी डोनर और हजारों ख्वाहिशें ऐसी आदि फिल्मों में काम किया था।

जूलियट ग्रीको, फ्रांसीसी गायक

57 of 74
जूलियट ग्रीको - फोटो : सोशल मीडिया
फ्रांसीसी गायक जूलियट ग्रीको की मृत्यु 23 सितंबर को 93 वर्ष की आयु में मौत हो गई।

रॉकलाइन सुधाकर, कन्नड़ अभिनेता

58 of 74
रॉकलाइन सुधाकर - फोटो : सोशल मीडिया
रॉकलाइन सुधाकर ने काफी फिल्मों में काम किया, लेकिन कन्नड़ फिल्म जगत में उन्होंने ज्यादा भूमिकाएं निभाईं। सुधाकर अक्सर सहायक कलाकार की भूमिका में नजर आते थे, लेकिन अपनी डायलॉग डिलिवरी और सटीक कॉमेडी के लिए वह काफी मशहूर थे। 24 सितंबर को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।

सुरेश अंगड़ी, केंद्रीय मंत्री

59 of 74
सुरेश अंगड़ी - फोटो : Social Media
कोरोना वायरस का खौफ उस वक्त देश भर के लोगों के मन में बुरी तरह पसर गया, जब केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी को इस खौफनाक वायरस ने लील लिया। सुरेश अंगड़ी ने 23 सितंबर को अंतिम सांस ली। वह 65 साल के थे। केंद्रीय मंत्री 11 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। दिल्ली एम्स में उनका इलाज हुआ, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका।

एसपी बालासुब्रमण्यम, गायक-अभिनेता

60 of 74
एसपी बालासुब्रमण्यम - फोटो : Twitter: @iamharishkalyan
मशहूर गायक और अभिनेता एसपी बालासुब्रमण्यम ने 25 सितंबर को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 74 साल के थे। अगस्त के पहले सप्ताह के दौरान एसपी बालासुब्रमण्यम में कोरोना वायरस के लक्षण मिले थे। इसके बाद तबीयत बिगड़ी तो उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। उन्होंने वेंटिलेटर पर ही अंतिम सांस ली। भारतीय संगीत जगत में अमूल्य योगदान के लिए फैंस एसपीबी को हमेशा याद रखेंगे। 40 हजार से ज्यादा गीत गाने के लिए बालासुब्रमण्यम का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

जसवंत सिंह, भाजपा नेता

61 of 74
पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जसवंत सिंह ने 27 सितंबर को अंतिम सांस ली। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका निधन हो गया। वह 82 साल के थे। 

अभिलाष, गीतकार

62 of 74
अभिलाष - फोटो : facebook//geetkar.abhilash
पेट संबंधी बीमारियों से जूझ रहे दिग्गज गीतकार अभिलाष ने 28 सितंबर को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 74 साल के थे। पांच दशक के लंबे करियर में अभिलाष ने रफ्तार (1975), आवारा लड़की (1975), सावन को आने दो (1979), जीते हैं शान से (1988) और हलचल (1995) समेत काफी फिल्मों को अपने गीतों से सजाया था। उन्हें 1986 में आई फिल्म अंकुश के लिए लिखे गाने 'इतनी शक्ति हमें देना दाता' के लिए याद किया जाता है।

राम विलास पासवान, केंद्रीय मंत्री

63 of 74
राम विलास पासवान - फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता राम विलास पासवान ने लंबी बीमारी से जूझने के बाद आठ अक्टूबर को अंतिम सांस ली। वह 74 साल के थे। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन के बाद भारतीय राजनीति को यह दूसरा तगड़ा झटका लगा था।

भानु अथिया, ऑस्कर विजेता कॉस्ट्यूम डिजाइनर

64 of 74
भानु अथिया
देश के लिए पहली बार ऑस्कर जीतने वाली कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथिया ने लंबे वक्त तक बीमारी से जूझने के बाद 15 अक्टूबर को इस दुनिया का साथ छोड़ दिया। वह 91 साल की थीं। भानु ने 1983 में रिलीज हुई क्लासिक फिल्म गांधी में कॉस्ट्यूम डिजाइन के लिए ऑस्कर जीता था। 

केशुभाई पटेल, पूर्व मुख्यमंत्री

65 of 74
केशुभाई पटेल (फाइल फोटो - फोटो : PTI
साल 2020 ने जिन दिग्गज नेताओं को छीना, उनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल भी शामिल हैं। दिल का दौरा पड़ने की वजह से 29 अक्टूबर 2020 को उनका निधन हो गया। वह 92 साल के थे। 

शॉन कॉनरी, मशहूर अभिनेता

66 of 74
शॉन कॉनरी - फोटो : Twitter- @007
जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने के लिए मशहूर अभिनेता सर शॉन कॉनरी का 90 वर्ष की आयु में 31 अक्तूबर को निधन हो गया। जेम्स बॉन्ड को बड़े पर्दे पर लाने वाले वो पहले अभिनेता थे। इस किरदार को उन्होंने सात फिल्मों में निभाया था। दशकों तक वे फिल्मी पर्दे पर राज करते रहे। साल 1998 में द अनटचेबल्स नाम की फिल्म के लिए उन्हें ऑस्कर अवार्ड दिया गया था।

टीएन कृष्णन, वायलियन वादक व पद्म भूषण

67 of 74
टीएन कृष्णन - फोटो : ANI
मशहूर वायलियन वादक और पद्म भूषण से सम्मानित टीएन कृष्णन ने 2 नवंबर को इस दुनिया से विदा ले ली। वह 92 साल के थे। 2 नवंबर को अचानक ही उनकी मौत हो गई। दरअसल, उन्होंने अपनी पत्नी से पानी मांगा। जब तक वह किचन से लौटतीं, कृष्णन अचानक जमीन पर गिर गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

आसिफ बसरा, बॉलीवुड अभिनेता

68 of 74
आसिफ बसरा - फोटो : इंस्टाग्राम
साल 2020 के दौरान बॉलीवुड और टीवी जगत से जुड़े कई सितारों ने मौत को अपने गले लगा लिया। इन सितारों में 12 नवंबर को आसिफ बसरा का नाम भी जुड़ गया। दरअसल, इस दिन धर्मशाला के मैकलॉडगंज स्थित एक निजी कॉम्प्लेक्स में आसिफ बसरा मृत मिले। वह 53 साल के थे। आसिफ ने ब्लैक फ्राइडे, परजानिया, जब वी मेट, एक विलेन, हिचकी आदि बॉलीवुड फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा वह हॉलीवुड फिल्म आउटसोर्स में भी नजर आए थे।

सौमित्र चटर्जी, बंगाली फिल्म अभिनेता

69 of 74
सौमित्र चटर्जी - फोटो : Instagram
बंगाली फिल्म जगत के दिग्गज कलाकार सौमित्र चटर्जी ने 15 नवंबर को अपने चाहने वालों से ऐसी दूरी बना ली, जो कभी नहीं मिट सकती। दरअसल, इस दिन कोलकाता में उनका निधन हो गया। वह 85 साल के थे। सौमित्र चटर्जी बंगाली फिल्म जगत का सितारा होने के अलावा ऑस्कर विजेता निर्देशक सत्यजीत रे के साथ काम करने के लिए जाने जाते थे। उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

तरुण गोगोई, पूर्व मुख्यमंत्री

70 of 74
असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई (फाइल फोटो) - फोटो : Facebook
असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने 23 नवंबर को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 86 साल के थे। 19 अगस्त को तरुण गोगोई कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, 21 नवंबर को गोगोई के कुछ अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।

अहमद पटेल, राज्यसभा सांसद

71 of 74
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल - फोटो : twitter
कांग्रेस के दिग्गज नेता और गुजरात से राज्यसभा सांसद अहमद पटेल ने 25 नवंबर को अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमद पटेल में कोरोना के लक्षण देखे गए थे, जिसके बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चला। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

डिएगो माराडोना, फुटबॉल खिलाड़ी

72 of 74
डिएगो माराडोना - फोटो : social media
अर्जेंटीना के प्रसिद्ध फुटबाल खिलाड़ी डिएगो माराडोना का 25 नवंबर को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह 60 साल के थे।

एफसी कोहली, भारतीय आईटी के जनक

73 of 74
टीसीएस के संस्थापक एफसी कोहली - फोटो : ANI
भारतीय आईटी उद्योग के जनक कहे जाने वाले फकीर चंद कोहली उर्फ एफसी कोहली ने 26 नवंबर को यह दुनिया छोड़ दी। वह 96 साल के थे। एफसी कोहली को देश में तकनीकी शिक्षा की उन्नति में विशेष योगदान के लिए जाना जाता है।
विज्ञापन

आइवरी गिलटिस, वायलिन प्लेयर

74 of 74
आइवरी गिलटिस - फोटो : सोशल मीडिया
इजरायल के वायलिन वादक आइवरी गिटिस का 24 दिसंबर को पेरिस में निधन हो गया। गिट्लिस इजरायल-फिलिस्तीनी शांति प्रक्रिया के कट्टर समर्थक थे। उनका जन्म 1922 में हाइफा में यहूदी माता-पिता से हुआ था, जो अब यूक्रेन जा चुके हैं। उन्होंने पहली बार वायलियन बजाना तब शुरू किया, जब वह छह साल के थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें