दिल्ली की नई सरकार में प्रवेश वर्मा सहित छह कैबिनेट मंत्री होंगे। उन्हें गुरुवार दोपहर को पद की शपथ दिलाई जाएगी। प्रवेश वर्मा ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की एक अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने नामित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सलाह पर भाजपा विधायकों प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को दिल्ली सरकार में मंत्री नियुक्त किया है। ये नए मंत्री मुख्यमंत्री पद के लिए चुनी गईं गुप्ता के साथ रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।
इससे पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 26 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की थी और आम आदमी पार्टी (आप) को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में सबसे ज्यादा जिस सीट के परिणामों ने सबको चौंकाया था, वह थी नई दिल्ली विधानसभा सीट। नई दिल्ली सीट पर प्रवेश वर्मा को 30,088 वोट मिले थे। वहीं, केजरीवाल को 25,999 वोट मिले। कांग्रेस के संदीप दीक्षित को मात्र 4,568 वोट मिले। ऐसे में सभी जानना चाहते हैं दिल्ली के तीन बार मुख्यमंत्री रहे केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा कौन हैं? उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि क्या है? आइए पढ़ते हैं...