फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री मोदी का लद्दाख दौरा, दुनिया को दिया भारत की ताकत का संदेश, देखिए तस्वीरें

Fri, 03 Jul 2020 09:59 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
लद्दाख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : पीटीआई
बीते कुछ समय से पूर्वी लद्दाख में उपजे भारत और चीन के बीच सैन्य तनाव में कोई कमी नहीं आ पाई है। ऐसे में शुक्रवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लद्दाख दौरे ने सबको सकते में डाल दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने ने लेह का दौरा किया जहां उन्होंने सेना, वायु सेना और आईटीबीपी के जवानों के साथ बातचीत की। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे भी उनके साथ थे।
विज्ञापन

2 of 11
शहीदों को नमन करते प्रधानमंत्री मोदी - फोटो : पीटीआई
15 जून की रात को पूर्वी लद्दाख में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प के कुछ ही दिनों बाद प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को अचानक लेह पहुंचे। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री सुबह करीब साढ़े नौ बजे लेह पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित निमू में थल सेना, वायु सेना और इंडो-तिब्बत सुरक्षा बल (आईटीबीपी) के जवानों से बातचीत की। इसके साथ ही उन्होंने सीमा की स्थिति का भी जायजा लिया। 
विज्ञापन

3 of 11
लद्दाख में जवानों के साथ प्रधानमंत्री मोदी - फोटो : पीटीआई
अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने चीन को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विस्तारवाद का युग समाप्त हो चुका है, यह युग विकासवाद का है। पूरी दुनिया ने इसके खिलाफ मन बना लिया है। इतिहास में विस्तारवाद ने ही मानवता का सबसे ज्यादा अहित किया है। उन्होंने कहा कि विस्तारवाद की जिद किसी पर सवार हो जाती है तो उसने हमेशा विश्व शांति के सामने खतरा पैदा किया है। इतिहास गवाह है कि ऐसी ताकतें मिट गई हैं।

4 of 11
जवानों को संबोधित करते प्रधानमंत्री मोदी - फोटो : पीटीआई
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत शांति और मित्रता के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन शांति के लिए इस प्रतिबद्धता को भारत की कमजोरी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। कमजोर कभी शांति की पहल नहीं कर सकता और वीरता ही शांति की पूर्व शर्त होती है। उन्होंने कहा, लद्दाख का ये पूरा हिस्सा भारत का मस्तक है। 130 करोड़ भारतीयों के मान सम्मान का प्रतीक है। यह भूमि भारत के लिए सर्वस्व त्याग करने के लिए हमेशा तैयार रहने वाले राष्ट्रभक्तों की धरती है।
विज्ञापन

5 of 11
लद्दाख में सेना के जवानों से बात करते प्रधानमंत्री मोदी - फोटो : पीटीआई
गलवां घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने सैनिकों से कहा, आपने और आपके साथियों ने जो वीरता दिखाई है, उसने पूरी दुनिया में यह संदेश दिया है कि भारत की ताकत क्या है। उन्होंने कहा कि देश के वीर सपूतों ने गलवां घाटी में जो अदम्य साहस दिखाया है वह पराक्रम की पराकाष्ठा है, देश को आप पर गर्व है। बता दें कि इस झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। वहीं, चीन ने अभी तक अपने नुकसान की कोई जानकारी नहीं दी है।
विज्ञापन

6 of 11
प्रधानमंत्री का संबोधन सुनते सेना के जवान - फोटो : पीटीआई
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज हर क्षेत्र में अपनी ताकत बढ़ा रहा है। हम अत्याधुनिक तकनीक से यदि अपनी सेनाओं को सुसज्जित कर है तो इसके पीछे उसका एकमात्र उद्देश्य मानव कल्याण और विश्व शांति है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अब सीमाओं पर आधारभूत ढांचे के निर्माण में करीब तीन गुना अधिक खर्च कर रहा है। सीमा पर सड़कें और पुल बनाने का काम भी बहुत तेजी से हुआ है। देश हर स्तर पर अपनी सेनाओं और सैनिकों को मजबूत कर रहा है।
विज्ञापन

7 of 11
लद्दाख में भारतीय जवानों का हौसला बढ़ाते प्रधानमंत्री - फोटो : पीटीआई
जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री कहा, 'हम वह लोग हैं जो बांसुरीधारी कृष्ण की पूजा करते हैं, हम वे लोग हैं जो सुदर्शन चक्रधारी से प्रेरणा लेते हैं।' उन्होंने कहा कि हर हमले के बाद भारत और सशक्त होकर उभरा है। दुनिया की और मानवता की प्रगति के लिए शांति और मित्रता हर कोई स्वीकार करता है। हर कोई मानता है कि यह जरूरी है। उन्होंने सैनिकों से कहा, आपके सम्मान, आपके परिवार के सम्मान और भारत माता की सुरक्षा देश की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

8 of 11
गलवां झड़प में घायल जवानों से बात करते प्रधानमंत्री मोदी - फोटो : पीटीआई
पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के साथ चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को अचानक लद्दाख पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 जून की रात हुई भारत-चीन सैनिकों के बीच हिंसक झड़प में घायल हुए सैनिकों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री उस अस्पताल में पहुंचे जहां इन सैनिकों का इलाज चल रहा है। यहां उन्होंने सैनिकों से बात की और उनका मनोबल बढ़ाया। 

9 of 11
गलवां झड़प में घायल हुए सैनिक से बात करते प्रधानमंत्री - फोटो : पीटीआई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस झड़प में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जो बहादुर जवान शहीद हुए वो हमें बिना किसी कारण के छोड़कर नहीं गए। आप सबने (चीन की सेना को) उचित जवाब दिया। देश की सीमा की सुरक्षा के लिए आपकी बहादुरी और जो खून आपने बहाया है, वह देशवासियों को कई पीढ़ियों तक प्रेरित करता रहेगा। भारत किसी भी स्थिति में कभी भी नहीं झुका है और हम दुनिया की किसी भी शक्ति के आगे झुकने वाले नहीं हैं।

10 of 11
सैनिकों से बात करते प्रधानमंत्री मोदी - फोटो : पीटीआई
प्रधानमंत्री ने सैनिकों से बात करते हुए कहा, आप बहादुरों द्वारा दिखाई गई वीरता के बारे में दुनिया के लिए एक संदेश गया है। जिस तरह आप उनके सामने (चीनी सैनिकों) खड़े हुए दुनिया जानना चाहती है कि ये बहादुर जवान कौन हैं? इन्हें किस तरह का प्रशिक्षण मिला है? इनका बलिदान क्या है? दुनिया आपकी बहादुरी पर चर्चा कर रही है। मैं आपके साथ-साथ उन माताओं को भी सम्मान देता हूं जिन्होंने आप जैसे बहादुरों को जन्म दिया।
विज्ञापन

11 of 11
भारतीय जवानों का हौसला बढ़ाते पीएम मोदी - फोटो : ट्विटर
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री के इस दौरे की सराहना की। शाह ने कहा कि उनके इस दौरे से हमारे जवानों का मनोबल बढ़ेगा। शाह ने उनके दौरे की कई तस्वीरें ट्वीट करते हुए लिखा, 'आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लद्दाख में एक अग्रिम चौकी पर सेना, वायु सेना और आईटीबीपी के हमारे बहादुर और साहसी जवानों के साथ। प्रधानमंत्री की यह यात्रा निश्चित रूप से हमारे वीर जवानों का मनोबल बढ़ाएगी।'
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें