प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुलायम सिंह यादव। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को 82 साल की उम्र में निधन हो गया। मुलायम लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। सपा संरक्षक के निधन पर देशभर में शोक की लहर है। राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री और राहुल गांधी तक कई दिग्गज नेताओं ने मुलायम के निधन पर शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक मुलायम सिंह यादव के साथ अपनी आठ तस्वीरें शेयर कीं। कई पुरानी यादों को ताजा करते हुए सपा संरक्षक की तारीफ की। यही नहीं गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भी प्रधानमंत्री ने मुलायम सिंह के साथ अपने रिश्तों को बयां किया। आइए देखते हैं पीएम मोदी ने कौन-कौन सी तस्वीरें शेयर कीं और मुलायम सिंह यादव के लिए क्या बोले?
मुलायम सिंह यादव के साथ ये पहली तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
2013 और फिर 2019 में मुलायम सिंह ने दिया था आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में आज एक जनसभा को संबोधित किया। इसकी शुरुआत में ही उन्होंने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा, 'मैं यहां आ रहा था तो एक दुखद खबर मिली। आज मुलायम सिंह यादव जी का निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव जी का जाना देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उनके साथ मेरा नाता बड़ा विशेष प्रकार का रहा। जब हम दोनों मुख्यमंत्री के रूप में मिला करते थे तो एक अपनत्व का भाव अनुभव करते थे।'
मुलायम सिंह यादव के साथ ये दूसरी तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
पीएम ने आगे कहा, '2013 में जब भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के लिए मुझे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया तो मैंने विपक्षी नेताओं से भी बात की, जिनसे मेरा पहले से परिचय था। ऐसे महानुभावों को फोन करके मैंने आशीर्वाद लिया। मुझे याद है उस दिन मुलायम सिंह जी का वो आशीर्वाद और सलाह के दो शब्द जो आज भी मेरी अमानत है।'
मुलायम सिंह यादव के साथ ये तीसरी तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री बोले, 'मुलायम सिंह जी की विशेषता रही कि 2013 में जो उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया था, उसमें कभी भी उतार चढ़ाव नहीं आने दिया। घोर राजनीतिक विरोधी बातों के बीच भी जब 2019 लोकसभा चुनाव होना था और संसद का आखिरी सत्र था, तब उन्होंने भरी संसद में मुझे आशीर्वाद दिया। उन्होंने जो बात कही थी, वो देश के किसी भी राजनीतिक कार्यकर्ता के जीवन में बहुत बड़ा आशीर्वाद होता है। उन्होंने संसद में खड़े होकर बिना लाग लपेट के कहा था, राजनीतिक आटा-पाटा के बिना कहा था. उन्होंने कहा था कि मोदी जी सबको साथ लेकर चलते हैं, इसलिए मुझे उम्मीद है कि 2019 में फिर से चुनकर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। कितना बड़ा दिल होगा।'
मुलायम सिंह यादव के साथ ये चौथी तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
पीएम ने आगे कहा, 'जब तक वह जीवित थे तक तक मुझे उनका आशीर्वाद मिला। गुजरात की इस धरती और मां नर्मदा के इस तट से उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार और उनके समर्थकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।'
मुलायम सिंह यादव के साथ ये पांचवीं तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
आठ तस्वीरों को शेयर कर दिल की बात भी लिखी
मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किया। इसमें उन्होंने आठ तस्वीरों को शेयर किया। पीएम मोदी ने लिखा, 'मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।'
मुलायम सिंह यादव के साथ ये छठी तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री ने अपने अगले ट्वीट में लिखा, 'मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे।'
मुलायम सिंह यादव के साथ ये सातवीं तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने लिखा, 'जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बार बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनका निधन मुझे पीड़ा देता है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना। शांति।'
मुलायम सिंह यादव के साथ ये आठवीं तस्वीर है, जिसे पीएम मोदी ने शेयर की है।
- फोटो : अमर उजाला
अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी
मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार को सैफई में राजकीय सम्मान के साथ होगा। चर्चा है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता शामिल हो सकते हैं।