Operation Sindoor
- फोटो : Amar Ujala
न्यूयॉर्क टाइम्स : हमले व्यापक और बेहद सटीक थे, सैटेलाइट तस्वीरों ने किया साफ
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चला सैन्य संघर्ष दो परमाणु संपन्न देशों के बीच आधी सदी में सबसे व्यापक लड़ाई थी। चूंकि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की हवाई सुरक्षा का परीक्षण करने और सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया, इसलिए उन्होंने गंभीर नुकसान पहुंचाने का भी दावा किया। रिपोर्ट में कहा गया कि उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों से संकेत मिलता है कि हमले व्यापक थे, लेकिन नुकसान दावे के मुकाबले कहीं ज्यादा सीमित था। ऐसा लगता है कि ज्यादातर नुकसान भारत ने पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को पहुंचाया।
इसमें कहा गया है कि हाई-टेक युद्ध के नए युग में, तस्वीर से सत्यापित दोनों पक्षों की ओर से किए गए हमले सटीक रूप से लक्षित प्रतीत होते हैं। भारत को पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों और हवाई क्षेत्रों की निशाना बनाने में स्पष्ट बढ़त मिली है, क्योंकि लड़ाई का दूसरा चरण प्रतीकात्मक हमलों और बल के प्रदर्शन में एक-दूसरे की रक्षा क्षमताओं पर हमलों में बदल गया। भारत के रक्षा अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के बंदरगाह शहर कराची से 100 मील से भी कम दूरी पर स्थित भोलारी एयर बेस पर एक विमान हैंगर पर सटीक हमला किया है। उपग्रह तस्वीरों में भी हैंगर जैसी दिखने वाली चीज को स्पष्ट नुकसान दिखाई दे रहा है। एजेंसी
नूर खान एयरबेस सबसे संवेदनशील जिसे भारत ने बनाया अपना निशाना
रिपोर्ट में कहा गया कि नूर खान एयरबेस शायद सबसे संवेदनशील सैन्य लक्ष्य था जिस पर भारत ने हमला किया। नूर खान एयर बेस पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय और देश के प्रधानमंत्री के कार्यालय से लगभग 15 मील की दूरी पर है और पाकिस्तान के परमाणु शस्त्रागार की देखरेख और सुरक्षा करने वाली इकाई से भी यह थोड़ी ही दूरी पर स्थित है। भारतीय सेना ने कहा कि उसने विशेष रूप से पाकिस्तान के कुछ प्रमुख हवाई अड्डों पर रनवे और अन्य सुविधाओं को निशाना बनाया था और इस रिपोर्ट में भी कहा गया है कि उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों से नुकसान दिखा।
संबंधित वीडियो