अगर आपने निर्देशक विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘खुफिया’ देखी है तो इसमें काम करने वाली अभिनेत्री अजमेरी हक बधोन को जरूर पहचानते होंगे। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का बांग्लादेश का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त कर चुकीं अजमेरी बीते कई दिनों से बांग्लादेश में चलते रहे छात्र आंदोलन में खुलकर हिस्सा लेती रही हैं। छात्रों पर किए गए अत्याचार का वह पूरे दम से विरोध करती रही हैं और उनका मानना है कि मीडिया पर अंकुश लगाकर, इंटरनेट बंद करके और बल प्रयोग करके पिछली सरकार ने सही नहीं किया। अजमेरी ने भारत और बांग्लादेश के रिश्तों की मजबूती के लिए अपने देश में एक लोकतांत्रिक सरकार के गठन को समय की जरूरत बताया। और, ये भी कहा कि विदेशी मीडिया को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।