तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
तेलंगाना में आज रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का गठन हो गया। राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने दोपहर 1.04 बजे 56 वर्षीय अनुमुला रेवंत रेड्डी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही 11 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। तेलंगाना सरकार के मंत्री बनने वालों में दो महिला विधायक भी हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी।
- फोटो : Amar Ujala
आइये जानते हैं शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों के बारे में...
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी: तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री की शपथ लेने वाले रेवंत रेड्डी वर्तमान में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष के पद पर हैं। इस विधानसभा चुनाव में रेवंत तेलंगाना के तत्कालीन मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के सामने चुनाव लड़े। यह मुकाबला कामारेड्डी विधानसभा सीट पर था। यहां रेवंत और केसीआर दोनों को भाजपा उम्मीदवार से हार झेलनी पड़ी। हालांकि, रेवंत ने दूसरी सीट कोडांगल से चुनाव जीत लिया।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता भट्टी विक्रमार्क ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भट्टी विक्रमार्क भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल थे। विक्रमार्क माधिरा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, जहां से वह मौजूदा विधायक भी थे। इस चुनाव में उन्होंने बीआरएस उम्मीदवार कमल राजू लिंगला को 35,452 वोटों से शिकस्त दी।
आंध्र प्रदेश में पार्टी के एमएलसी रहने के बाद विक्रमार्क माधिरा सीट पर 2009 में पहली बार विधायक चुने गए थे। इसके साथ ही पार्टी ने उन्हें मुख्य सचेतक भी बना दिया। जून 2011 में आंध्रप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष बनने वाले वरिष्ठ नेता 2014 और 2018 में फिर विधायक बने। जनवरी 2019 में विक्रमार्क को तेलंगाना विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के रूप में नियुक्त किया गया। विक्रमार्क के बड़े भाई अविभाजित आंध्र के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके मझले भाई भी कांग्रेस सांसद रह चुके हैं।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
उत्तम कुमार रेड्डी: तेलंगाना में कांग्रेस ने अपने जिन लोकसभा सांसदों को टिकट दिया था, उनमें एक नाम उत्तम कुमार रेड्डी का भी था। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उत्तम सूर्यापेट जिले की हुजूरनगर सीट से चुनाव मैदान में उतरे और चुनाव जीता। भारतीय वायुसेना में पायलट रहे उत्तम कुमार ने बीआरएस के मौजूदा विधायक शानमपुडी सैदी रेड्डी को 44,888 वोटों से हराया।
विधायक बनने से पहले वह नलकोंडा लोकसभा सीट से कांग्रेस के सांसद थे। 2019 में सांसद बनने से पहले भी रेड्डी हुजूरनगर सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उत्तम कुमार रेड्डी ने बीआरएस के शानमपुडी सैदी रेड्डी को हराया था।
तेलंगाना से पहले 1999 से 2014 के बीच वह तीन बार आंध्र प्रदेश से विधायक रह चुके हैं। वहीं 2012 से 2014 तक वह आंध्र प्रदेश की सरकार में बतौर कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
कोमाटी रेड्डी वेंकट रेड्डी: भुवनगिरि लोकसभा सीट से सांसद रहे रेड्डी ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली है। वह नलगोंडा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए थे, जहां उन्हें 54,332 वोटों से जीत मिली। उनका नाम भी राज्य में कांग्रेस के मुख्यमंत्री के रूप में चर्चा में रहा। कोमाटी मई 2019 में 17वीं लोकसभा के लिए चुने जाने से पहले विधायक थे।
इससे पहले वह 1999 से 2014 के बीच आंध्र प्रदेश से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वह राज्य की वाईएस राजशेखर रेड्डी की सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
सीताक्का: आदिवासी नेता सीताक्का का भी नाम तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहा। आज उन्होंने तेलंगाना कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। मुलुग सीट से उतरीं दनसारी अनसुया उर्फ सीताक्का ने 33,700 वोटों से चुनाव जीतकर यहां हैट्रिक लगाई है।
2009 में तेलुगु देसम पार्टी (टीडीपी) के टिकट पर मुलुग सीट से पहली बार चुनाव जीता और विधानसभा पहुंच गईं। हालांकि, तेलंगाना बनने के बाद उन्होंने टीडीपी को अलविदा कह दिया और रेवंत रेड्डी के साथ कांग्रेस में आ गईं।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
कोंडा सुरेखा: मंत्री बनने वालों में महिला विधायक कोंडा सुरेखा भी हैं। इस चुनाव में सुरेखा ने वारंगल पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार क रूप में 15,652 वोटों से जीत दर्ज की है। इससे पहले वह श्यामपट और परकाल सीटों से विधायक रह चुकी हैं। वह वायएस राजशेखर रेड्डी सरकार में मंत्री की भी रह चुकी हैं।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
जुपल्ली कृष्णराव: एक बैंक कर्मचारी के रूप में करियर शुरू करने वाले जुपल्ली कृष्णराव छह बार के विधायक हैं। इस चुनाव में उन्होंने महबूबनगर जिले की कोल्लापुर सीट से 29,931 वोटों से जीत दर्ज की है। इससे पहले भी वह 1999, 2004, 2009, 2012 के उप-चुनावों और 2014 में कोल्लापुर सीट से जीतकर विधायक बने थे। इसके अलावा कृष्णराव वाईएस राजशेखर रेड्डी कैबिनेट में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
डुडिल्ला श्रीधर बाबू: श्रीधर आंध्र प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय डुडिला श्रीपद राव के बेटे हैं। 1969 में जन्मे श्रीधर बाबू ने दिल्ली विश्वविद्यालय में कानून में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में मास्टर डिग्री भी हासिल की। श्रीधर बाबू 29 साल की कम उम्र में 1999 के चुनाव में मंथनी सीट से विधायक बने और रिकॉर्ड तीन बार मंथनी सीट से जीत हासिल की। उन्होंने आंध्र प्रदेश में 2009 से 2014 तक मंत्री के रूप में भी कार्य किया।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
तुम्मला नागेश्वर राव: नागेश्वर राव पहले आंध्र प्रदेश में टीडीपी सरकार में और बाद में तेलंगाना केसीआर सरकार में मंत्री रहे हैं। इस चुनाव में उन्होंने 49,381 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। नागेश्वर राव सितंबर तक बीआरएस में थे। चुनाव से ऐन पहले उन्होंने बीआरएस छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी: रेड्डी ने 2014-2019 के बीच खम्मम लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। आज उन्होंने तेलंगाना सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। इससे पहले विधानसभा चुनाव में उन्होंने 56,650 वोटों से जीत हासिल की।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
दामोदरा राज नरसिह्मा: राज नरसिह्मा 2011 और 2014 के बीच आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने विधानसभा के सदस्य के रूप में एंडोले निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा नरसिम्हा उच्च शिक्षा और कृषि मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस विधानसभा चुनाव में उन्होंने 28,193 वोटों से जीत हासिल की।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : AMAR UJALA
पोन्नम प्रभाकर: वह 2009-2014 के बीच करीमनगर सीट से लोकसभा के सांसद रहे हैं। वर्तमान में वह तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। इस चुनाव में प्रभाकर हुस्नाबाद सीट से 19,344 वोटों से विजयी हुए हैं।