फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जगमगाते ट्री, सांता बने बच्चों और रंगबिरंगी रोशनी के साथ छाया क्रिसमस का त्योहार, देखिए तस्वीरें

Tue, 25 Dec 2018 01:51 AM IST
गौरव द्विवेदी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 17
क्रिसमस की पूर्व संध्या पर राजधानी के सभी चर्च सज चुके हैं। प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर सोमवार देर शाम सभी गिरिजाघरों में प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। क्रिसमस के रंग में रंगे सभी चर्च रंगीन लाइटों की रोशनी में नहाए हुए नजर आए। चर्च में जन्मदिन को लेकर की गई तैयारियों में क्रिसमस ट्री को आर्टिफिशियल सजावट के सामानों से सजाया गया। लोगों ने घरों में केक और क्रिसमस ट्री लाकर त्योहार की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 
विज्ञापन

2 of 17
प्रभु यीशु के जन्मदिन को लेकर दिल्ली स्थित सभी चर्च रोशनी से नहाए हुए हैं। लाइटें ऐतिहासिक चर्च की इमारतों में चार चांद लगा रही थीं। टिमटिमाती रोशनी से चर्च की भव्य इमारतों की छटा देखते ही बन रही थी। सोमवार शाम मोमबत्ती लेकर चर्च में पहुंचे लोगों ने प्रार्थना से पूर्व मोमबत्तियों को जलाया। कश्मीरी गेट स्थित सेंट जेम्स चर्च में झांकी के माध्यम से लोगों को प्रभु यीशु के जन्म के समय की स्थिति को दिखाया गया। 
विज्ञापन

3 of 17
गोल डाकखाना स्थित कैथेड्रल चर्च को भी बड़ी खूबसूरती के साथ सजाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए व प्रभु की प्रार्थना की। देर रात तक मेले जैसा माहौल देखने को मिला। गिरिजाघरों में सोमवार रात नौ बजे से प्रार्थना सभाएं शुरू हुई, जो मंगलवार तक जारी रहेंगी। जगह-जगह बच्चे और बड़े सांता की ड्रेस में सजे नजर आए। इस दौरान बेकरी शॉप पर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। क्रिसमस के लिए लोगों ने तरह तरह के केक ऑडर किए। 

4 of 17
चर्च में पहुंचे लोगों में सेल्फी का भी जबरदस्त क्रेज दिखा। सोशल मीडिया पर फोटो अपडेट कर एक दूसरे को मैरी क्रिसमस की बधाई दी। हर कोई अपने परिवार के साथ खुद को कैमरे में कैद करने के लिए उत्सुक दिखा। चर्च पहुंचे लोगों का कहना था कि क्रिसमस खुशियों का पर्व है। ऐसे में चर्च में आकर खुशी के पलों को कैमरे में कैद कर एक दूसरे को बधाई संदेश भेज रहे हैं।  
विज्ञापन

5 of 17
चर्च में बच्चे सांता की पोशाक पहनकर पहुंचे। नकली सफेद दाढ़ी व लाल रंग की सफेद पट्टी वाली पोशाक पहनकर बच्चे काफी खुश हो रहे थे। बच्चों ने एक दूसरे को चॉकलेट बांटकर खुशियां मनाई। बाजारों में भी जबरदस्त रौनक रही। लोग क्रिसमस ट्री व सजावटी सामान खरीदने के लिए उमड़ेे। क्रिसमस ट्री को लोगों ने अपने-अपने घरों में भी सजाया। 
विज्ञापन

6 of 17
असम में प्रभु ईसा मसीह की याद में जगमगाते क्रिसमस ट्री, रंग-बिरंगी रोशनी और गानों के साथ गिरजाघरों में सोमवार को क्रिसमस का उत्साह छाने लगा। राज्य में एक तिहाई जनसंख्या ईसाइयों की है। उनके और अन्य लोगों के घरों को रंग-बिरंगी लाइटों और तारों से सजाया गया है। सड़कों पर जगह जगह ऐसी दुकानें हैं जहां क्रिसमस ट्री, उन्हें सजाने की चीजें, रंग-बिरंगे बुलबुले, लालटेन, तारे, सांता क्लाउज, लाल टोपियां आदि बिक रही थीं।

लोग 175 साल पुराने क्राइस्ट चर्च (इसकी स्थापना 1844 में हुई थी), गुवाहाटी बैप्टिस्ट चर्च (इसकी स्थापना 1845 में हुई थी और डॉन बोस्को चर्च तथा अन्य चर्चा में पहुंचने लगे हैं। विशेष प्रार्थना सभाओं के लिए गिरिजाघरों में जाने के अलावा लोग उन विभिन्न सभागारों में भी जा रहे हैं जहां क्रिसमस समारोह के विशेष आयोजन का इंतजाम किया गया है। पहाड़ी जिले दीमा हसाओ और कार्बी आंगलोंग में क्रिसमस का उत्साह छा गया । 2011 की जनगणना के अनुसार दीमा हसाओ जिले में करीब 30 फीसद ईसाई हैं। कार्बी आंगलोंग में 16.5 ईसाई आबादी है।
विज्ञापन

7 of 17
देशभर में समंदर के किनारे बीच पर छुट्टी मनाने के लिए पसंदीदा पर्यटक गंतव्य स्थलों में शुमार गोवा में क्रिसमस के जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। ईसाई भजनों और चर्च की घंटियों की मनोरम ध्वनियों के बीच उत्सव अपने चरम पर है। बहरहाल, पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि उच्च कर और महंगे होटलों की वजह से बीते साल की तुलना में सैलानियों की प्रतिक्रिया फीकी है। राज्य के पर्यटन विभाग ने भी माना है कि इस बार होटल बुकिंग घटी है, लेकिन महकमे को उम्मीद है कि पर्यटकों की संख्या 31 दिसंबर तक बढ़ेगी।

8 of 17
गोवा में 27 प्रतिशत ईसाई आबादी है। यीशु मसीह के जन्म का जश्न मनाने के लिए लोगों ने क्रिसमस पेड़ों को खूबसूरत बनाया और अपने घरों को आकर्षक लाइटों से सजाया है। गिरजाघर भी लाइटों से जगमगा रहे हैं। वहीं धार्मिक उत्सव है और क्रिसमस की प्रार्थनाएं हो रही हैं। बहरहाल, ट्रेवल एंड टूरिज्म एसोसिएशन ऑफ गोवा (टीटीएजी) ने दावा किया कि इस बार का क्रिसमस और नववर्ष का उत्साह उनके लिए फीका है। टीटीएजी के अध्यक्ष सवियो मसीह ने कहा कि भारी कर की वजह से हर साल सैलानियों की संख्या घट रही है। अधिक कर का होटल के रहने के खर्च पर असर पड़ता है।

9 of 17
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को क्रिसमस की पूर्व संध्या पर नागरिकों को शुभकामनाएं दी और देश में भाईचारा और मानवता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। एक बयान में यह जानकारी दी गयी।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कोविंद के हवाले से कहा गया, ‘ईसा मसीह शांति, सौहार्द्र और उम्मीद के प्रतीक हैं। क्रिसमस मानवीय मूल्यों के उत्सव का मौका है, जो कि आपसी बंधुत्व को बढ़ाता है और जीवन को परिवर्तित कर इसे त्यौहार बना देता है।’ उन्होंने कहा, ‘कामना है कि यह क्रिसमस हम सबको अपने देश और अपनी धरती पर भाईचारा और इंसानियत को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करे।’

10 of 17
क्रिसमस के रंग में पूरा नोएडा शहर सज चुका है। जगह-जगह चर्च, स्कूल, सोसायटी आदि में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर प्रार्थना सभाएं आयोजित हुई। शहर के प्रमुख चर्चों जैसे सेक्टर 50, सेक्टर 39 व सेक्टर 24 आदि के चर्चों में रंगारंग सजावट की गई। लोगों ने घरों में केक और क्रिसमस ट्री ले जाकर भी इस त्यौहार की तैयारियां पूरी कर ली हैं। गिरिजाघरों में सोमवार रात नौ बजे से प्रार्थना सभाएं शुरू हुई। जो मंगलवार तक जारी रहेंगी। जगह-जगह बच्चे और बड़े संता की ड्रेस में सजे नजर आए। बच्चों ने संता के इंतजार में घर के बाहर मोजे और अपने पसंदीदा गिफ्ट की सूची छोड़ी जिससे सांता उन्हें उनके पसंदीदा गिफ्ट देकर जाएं। इस दौरान बेकरी शॉप पर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। क्रिसमस के लिए लोगों ने तरह तरह के केक ऑडर किए । 

11 of 17
फरीदाबाद में क्रिसमस की तैयारी पूरी हो चुकी है। जश्न मनाने के लिए स्कूलों, वृद्धाश्रम और सार्वजनिक स्थानों का सजाया गया है। सभी चर्च में क्रिसमस पूर्व संध्या पर देर रात चलने वाली प्रार्थना सभाओं की तैयारी दिखी। क्रिसमस मनाने के लिए चर्च इस बार बेहद खास रंग की लाइटों से सजाए गए हैं। सेक्टर-29 के क्राइस्ट चर्च, सेक्टर-50 के बेथल मेथोडिस्ट चर्च, इमेन्युल मारथोमा चर्च, सेक्टर-51 के ग्रेगोरियस ऑर्थोडॉक्स चर्च और सेक्टर-34 के चर्च में विशेष प्रार्थना सभी के लिए देर शाम से ही लोगों की भीड़ जुट गई।       

डीएवी और मॉर्डन स्कूल के नन्हे बच्चों ने बुजुर्गों को क्रिसमस की बधाई दी। सोमवार को एनआईटी-2 स्थित ताऊ देवी लाल वृद्ध आश्रम में रहने वाले करीब 50 बुजुर्गों से मिलने बच्चे पहुंचे तो बुजुर्गों ने भी मेरी क्रिसमस की बधाई दी। बुजुर्गों की खुशी इतनी थी कि 80 वर्षीय बुजुर्गों ने बचपन और जवानी के दिनों को याद कर नाच-गाकर क्रिसमस संध्या मनाई।      
      
सेक्टर-15 ए स्थित विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में क्रिसमस मनाने पहुंचे विद्यार्थियों को स्कूल में प्रवेश के साथ ही त्योहार का महत्व बताया गया। उन्हें सांता बना मानवता के लिए समर्पण की भावना का सबंदेश दिया गया। विद्यार्थियों नेव क्रिसमस कैरोल-जिंगल बेल्स, वी विश यू अ मेरी क्रिसमस की धुन गुनगुना कर बधाई संदेश दिए। विद्यार्थियों ने सांता बन रेस लगाई, जिसका उद्देश्य मानवता की भलाई के लिए होने वाली प्रतिस्पर्धा से था। विद्यार्थियों ने एक दूसरे को भी क्रिसमस की बधाई दी। 

12 of 17
सेक्टर-37 स्थित शेमरॉक पब्लिक स्कूल में क्रिसमस को खास रूप से राहगीरों के साथ मनाया गया। क्रिसमस की खुशियां लोगों तक पहुंचाने के लिए नन्हे विद्यार्थी बग्गी में सवार होकर राहगीरों को मैरी क्रिसमस कहा। विद्यार्थियों ने सांता बन राहगीरों को मानव कल्याण के लिए हमेशा तैयार रहने और सांता की तरह खुशियों बांटने का संदेश दिया। 

13 of 17
दुनियाभर से ईसाई श्रद्धालु क्रिसमस की पूर्व संध्या पर सोमवार को बेथलेहम पहुंचे। यहां आए श्रद्धालुओं ने उस स्थान का दर्शन करने के लिए धार्मिक जुलूस में हिस्सा लिया जहां माना जाता है कि प्रभु यीशु मसीह का जन्म हुआ था। 

14 of 17
प्रभु यीशु के जन्मस्थल बेथलेहम में आधी रात को प्रार्थना का आयोजन होगा। उधर, वेटिकन में पोप फ्रांसिस भी विशेष प्रार्थना करेंगे। मेंजे स्क्वायर पर फलस्तीनी स्काउट और एक बैगपाइप बैंड का जुलूस आया। यह जुलूस प्रभु यीशु मसीह के जन्मस्थल ‘चर्च ऑफ नैटिविटी’ से निकला। सांता वाली टोपी लगाए और हाथों में गुब्बारे लिये हुए लोगों की नजरें चौराहे की ओर थी, जहां एक विशाल क्रिसमस ट्री सजाया गया था।

15 of 17
होली लैंड के कैथोलिक आर्चबिशप पीरबतिस्ता पिज्जाबल्ला आधी रात की सामूहिक प्रार्थना सभा की अगुवाई करेंगे। उसमें गणमान्य लोगों में फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास भी होंगे। इस साल श्रद्धालु चर्च ऑफ नैटिविटी के नये सिरे से संवारे गए मोजैक देख पा रहे हैं। एक बड़ी परियोजना के तहत हाल ही में उसकी साफ-सफाई और मरम्मत की गयी थी।

16 of 17
पहला गिरिजाघर चौथी सदी में यहां बना था। छठी सदी में आग लगने के बाद उसके स्थान पर दूसरा गिरजाघर बना था। उसके पास एक नया और विशाल गिरिजाघर सेंट कैथरीन है।  बेथलेहम पश्चिमी तट पर यरुशलम के समीप है लेकिन वह इस्राइल के अवरोधक के चलते शहर से कटा हुआ है।
विज्ञापन

17 of 17
इस्राइल-फलस्तीन संघर्ष के चलते अशांति की वजह से कई सालों से मंदी के बाद इस साल पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। फलस्तीन के पर्यटन अधिकारियों और होटल संचालकों के अनुसार कई सालों में पहली बार ऐसा जबर्दस्त सीजन आया है। बेथलेहम के अलावा दुनियाभर के ईसाई क्रिसमस मनाने की तैयारी कर रहे हैं । शुक्रवार को पोप फ्रांसिस ने कहा, ‘‘नये चरमपंथी समूह उभर रहे हैं और चर्च, धार्मिक स्थानों, मंत्रियों और अन्य लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।’’ 

पोप ने कहा, ‘‘कितने ईसाई अब भी दुनिया भर में अत्याचार, भेदभाव, नाइंसाफी के शिकार हो रहे हैं। ’’ क्रिसमस को लेकर ब्रिटेन में भी तैयारियां हैं। हालांकि, बार्सिलोना में चौकसी बरती जा रही है क्योंकि अमेरिकी विदेश विभाग ने क्रिसमस के त्यौहार के दौरान स्पेन के दूसरे सबसे बड़े शहर में आतंकी हमले को लेकर आगाह किया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें