अमेरिका में रह रहे अवैध प्रवासियों को वापस भेजने के डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के तहत एक अमेरिकी सैन्य परिवहन विमान सी-17 ग्लोबमास्टर-III 16 फरवरी को अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा। इसमें करीब 119 भारतीय नागरिक होंगे, जो अवैध तरीके से अमेरिका में रह रहे थे। निर्वासित लोगों में पंजाब से 67, हरियाणा से 33, गुजरात से आठ, उत्तर प्रदेश से तीन, राजस्थान-महाराष्ट्र से दो-दो और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। रविवार को भी 157 लोगों को लेकर एक और अमेरिकी विमान के अमृतसर पहुंचने की संभावना है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सभी अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेजे जाने तक हर दूसरे सप्ताह निर्वासन की प्रक्रिया जारी रहेगी। कार्रवाई ऐसे लोगों पर की जा रही है, जो अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश कर गए हैं या फिर वे अपने वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वहां रह रहे हैं।
इससे पहले अमेरिका से निर्वासित किए गए 104 अवैध प्रवासी भारतीयों को लेकर अमेरिकी सेना का विमान सी-17 पिछले हफ्ते यानी 5 फरवरी को अमृतसर के श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा था। इनमें गुजरात के 33, हरियाणा के 34, पंजाब के 30, महाराष्ट्र के तीन, उत्तर प्रदेश-चंडीगढ़ के दो-दो लोग शामिल थे। इनमें आठ से दस साल के कुछ बच्चे भी शामिल थे।