राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान पूजा के पति अजय नांदल (30) का शव रोहतक में कार में मिला था। जांच टीम को कार से सात सीरिंज व सप्लीमेंट (प्रॉटीन) के कई पैकेट मिले हैं। पुलिस ने सप्लीमेंट को जांच के लिए विसरा सैंपल के साथ लैब में भेजा है। अब विसरा जांच रिपोर्ट से पता लग सकेगा कि आखिर किस ड्रग की ओवरडोज से पहलवान अजय की मौत हुई।
अजय के शरीर में केमिकल मिलने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन पुलिस आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं कर रही है। उधर, पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंच गई और आरोपी पहलवान रवि को निगरानी में ले लिया। आरोपी जिले के गांव कारोर का रहने वाला है और नेवी में तैनात है। जांच में पुलिस को यह भी पता लगा है कि अजय व रवि के बीच छह साल से दोस्ती थी।
पुलिस के मुताबिक गढ़ी बोहर निवासी बिजेंद्र नांदल ने शिकायत दी है कि उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा अजय सीआईएसएफ में नौकरी करता था। साथ ही मेहर सिंह अखाड़े में अभ्यास करता था। दिल्ली में नौकरी के चलते शनिवार व रविवार को घर आ जाता था। शनिवार को वह घर आया और बोला उसके दोस्त का जन्मदिन है। यह कहकर कार लेकर चला गया। करीब छह बजे सूचना मिली कि अजय निजी अस्पताल में दाखिल है, जहां वह अपने छोटे बेटे विजय के साथ पहुंचे।