भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत रुड़की के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। ऋषभ पंत की जान बचाने में मौके पर मदद करने वाले दो हरियाणवियों का खास योगदान रहा। जो हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे। हरियाणा रोडवेज के पानीपत डिपो के चालक व परिचालक ने मौके पर समझदारी दिखाते हुए ऋषभ पंत की जान बचाई। उन्होंने ऋषभ को कार से बाहर निकाला और उसको अस्पताल में भिजवाया।
पानीपत रोडवेज बस हरिद्वार से पानीपत आ रही थी। उनकी बस के सामने ही ऋषभ पंत की कार रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई थी। कार ने बस के सामने तीन बार पलटी खाई। ऋषभ खिड़की से आधे बाहर लटक गए थे और खून से लथपथ हालत में थे। पानीपत रोडवेज जीएम कुलदीप जागड़ा ने चालक सुशील कुमार व परिचालक परमजीत को सम्मानित किया है।