दुकानदार की बेटी नैंसी ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड बारहवीं की परीक्षा में हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त कर कामयाबी का आसमान छू लिया है। 17 साल की नैंसी सीए बनने के लिए हिसार में कोचिंग लेकर तैयारी कर रही हैं।
नैंसी की सफलता पर उसका परिवार भी फूला नहीं समा रहा है। वहीं नैन्सी के परिवार को बधाई देने वालों का भी तांता लगा है और घर पर जश्न का माहौल बना है। नैंसी के पिता हरपाल बंसल की सिवानी में ही किरयाणा और कन्फेक्शनरी की छोटी सी दुकान है। हरपाल के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी 17 वर्षीय नैंसी और छोटा 12 वर्षीय बेटा आशीष।
दोनों ही बच्चे सिवानी मंडी के नवभारत सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई करते हैं। नैंसी ने इस बार वाणिज्य संकाय से बारहवीं की बोर्ड परीक्षा दी थी। जबकि उसका छोटा भाई आशीष अभी आठवीं कक्षा में पढ़ रहा है। नैंसी की माता इनु बंसल गृहिणी हैं। नैंसी ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों को दिया है। उसका कहना है कि उसने परीक्षा के लिए रोजाना ही पांच घंटे तक तैयारी की थी।