हरियाणा के हिसार में आजाद नगर के अमर एनक्लेव में किराये के मकान पर रहने वाले डोभी निवासी श्रवण कुमार ने अपनी पत्नी सरला और बेटी पूजा की कापा के वार से बेरहमी की हत्या कर दी थी। इस मामले में चश्मदीद गवाह मकान मालिक सहित तीन अपनी गवाही से मुकर गए लेकिन अदालत ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, कापा, लोहे की पाइप और आरोपी के कपड़ों पर लगे खून के धब्बों को देखते हुए आरोपी को दोषी करार दिया था। मंगलवार को दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
इस मामले में कुल 16 व्यक्तियों की गवाही दर्ज करवाई गई। इनमें 11 पुलिस कर्मचारी थे। अदालत में गवाहियों के दौरान मुख्य गवाह मकान मालिक विनोद के अलावा ईश्वर और हरपाल अपने बयानों से मुकर गए। बता दें कि दिल दहलाने वाली घटना के बाद 21 दिसंबर 2019 को जब आजाद नगर थाना पुलिस ने आरोपी श्रवण को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि पत्नी व बेटी के तानों से परेशान होकर उसने यह हत्याएं की।
उसने बताया कि 20 साल पहले मेरी शादी जिला दादरी के खेड़ी बुरा की रहने वाली सरला के साथ हुई थी। शादी के बाद पत्नी ने बेटी पूजा और बेटे मनजीत को जन्म दिया। 10-12 साल तक सब कुछ सही चलता रहा। पत्नी कहने लगी कि बच्चे बड़े हो गए हैं। आप कुछ कमा कर नहीं लाते। बात-बात पर मुझे ताने देती रहती।