Flood in Haryana: 24 घंटे में 403 गांव और चपेट में, सिरसा में 4 जगह तटबंध टूटा, फतेहाबाद में आफत
Sun, 16 Jul 2023 02:03 AM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद, सिरसा/फतेहाबाद/चंडीगढ़/करनाल (हरियाणा)
सार
जीटी बेल्ट में पानी उतरने लगा पर अब पश्चिमी व दक्षिणी हरियाणा में दिक्कत बढ़ने लगी है। हरियाणा, दिल्ली व पंजाब में 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी है। जाखल शहर व आसपास के 8 गांवों का संपर्क टूटा है। पानी आता देख किसानों ने तीन जगह सड़क तोड़ी। सिरसा में पांच हजार एकड़ फसल जलमग्न हो गई।
विज्ञापन
1 of 6
गांव दीवाना के खेतों के रास्ते पर भरा घग्गर का पानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बाढ़ की मार झेल रहे जीटी बेल्ट में छह दिन बाद पानी तेजी से नीचे उतरने लगा है लेकिन अब यह पश्चिमी हरियाणा के सिरसा व फतेहाबाद में कहर बरपाने लगा है। पिछले 24 घंटे में हरियाणा के 403 और गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। इनमें से सौ गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।
सरकार के मुताबिक अब तक 1385 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। करनाल के रसूलपुर कलां गांव में जलभराव के बीच साइकिल से जा रहे दो किशोर तालाब में गिर गए। इससे 13 साल के किशोर सावन की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे में छह लोगों की जान चली गई और तीन लापता हो गए। अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है।
सिरसा में घग्गर का जलस्तर 48 हजार से अधिक क्यूसेक पहुंच गया जबकि क्षमता 30 हजार क्यूसेक की है। इससे 11 किलोमीटर के एरिया में चार जगह से तटबंध टूट गया और पांच गांवों में चार फुट तक पानी भर गया। पांच हजार एकड़ फसल भी जलमग्न हो गई। पानी बढ़ता देख आसपास के गांवों के लोग पलायन करने लगे हैं।
विज्ञापन
2 of 6
कडैल-वलरा रोड के पास जलमग्न खेत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद के गांव दीवाना में लोगों ने आबादी तक पानी न पहुंचे, इसके लिए लोगों ने जेसीबी लगाकर कुलां से जाखल जाने वाले मार्ग को तीन जगह से तोड़ दिया। यहां जाखल शहर व 8 गांवों का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट गया है। जाखल के लगभग सभी गांवों में पानी भर चुका है। कुलां चौकी के पास से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद भी कर दी गई है।
विज्ञापन
3 of 6
गांव साधनवास से बच्चों को सुरक्षित बाहर लेकर आए बचाव दल के सदस्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बड़े पैमाने पर गांवों की ढाणियों में लोगों को एनडीआरएफ व डेरा सच्चा सौदा की ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है। चांदपुरा साइफन पर फिलहाल घग्गर का पानी 22 हजार 490 क्यूसेक तक चल रहा है लेकिन रंगोई व जोया नाले में पानी ओवरफ्लो हो चुका है।
4 of 6
गांव फरवाई कलां में बाढ़ का खतरा होने के कारण घर से सामान बाहर निकालते हुए ग्रामीण ।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शुक्रवार रात ढाई बजे पनिहारी गांव के पास 150 फुट लंबाई में घग्गर का तटबंध टूटने से पांच गांवों में पानी भर गया। प्रशासन ने पंजाब की तरफ जाने वाले बरनाला रोड के नीचे के साइफनों के आगे मिट्टी डालकर बंद किया तो ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया।
सिरसा के उपायुक्त पार्थ गुप्ता का कहना है कि घग्गर नदी के साथ 49 गांव लगातार संपर्क में है जबकि फतेहाबाद की डीसी मनदीप कौर ने बताया कि गांवों के तटबंध मजबूत किए जा रहे हैं। एनडीआरएफ की दो टीमें भी लगाई गई हैं। फतेहाबाद शहर में पानी पहुंचने की अभी संभावना नहीं है। उधर जीटी बेल्ट में यमुना, घग्गर, मारकंडा का जलस्तर भी खतरे के निशान से नीचे आ गया है।
विज्ञापन
5 of 6
गांव तलवाड़ा के पास बहता पानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
स्थिति नियंत्रण में आने के बाद पानीपत और कैथल पहुंची सेना की टुकड़ी अंबाला लौट गई है। प्रशासन ने टूटे तटबंध बनाने का काम भी तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने चार दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में अगले पांच दिन तेज हवा और गरज के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 17 और 18 जुलाई को तेज बारिश होने की संभावना है।
जाखल के कासिमपुर रोड पर बाढ़ के पानी से गुजरता साइकिल सवार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दक्षिणी हरियाणा का हाल... पलवल में स्कूल इमारत गिरी, पुलिस चौकी खाली की
पलवल के 30 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। अधिकतर गांवों का एक दूसरे से संपर्क टूट चुका है। बागपुर गांव में स्कूल के लिए बनाया जा रहा भवन जमींदोज हो गया। पुलिस चौकी में पानी भरने से उसे खाली करा दिया गया है। शनिवार को एनडीआरएफ की दो टुकड़ियां पलवल पहुंची। रात 11 बजे दो युवक एक पॉपूलर के पेड़ से लिपटे मिले। दोनों युवकों को रस्सा बांधकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
43,833 लोगों को अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकाला गया
133 घर पूरी तरह से नष्ट, 184 घरों को नुकसान
5399 लोग सुरक्षित निकाले गए, 2494 राहत कैंप में रह रहे