फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nitu Ganghas: मां को मिले तानों का रिंग में पसीना बहा दिया जवाब, गांव की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना दी

Sat, 25 Mar 2023 11:45 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)

सार

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप देखने के लिए दर्शक दीर्घा में खेल प्रेमियों का हुजूम जोश के साथ अपनी पसंदीदा खिलाड़ी नीतू के खाते में स्वर्ण देखने को बेताब थी।
विज्ञापन
1 of 8
अपने माता-पिता के साथ बॉक्सर नीतू घनघस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुक्केबाजी में महज दस साल के सफर में नीतू ने गांव की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना दी है। नीतू की कामयाबी से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। 48 किलो भारवर्ग की बॉक्सर नीतू सीबीएलयू से एमपीएड की पढ़ाई कर रही है। नीतू ने जब मुक्केबाजी की शुरुआत की थी, तब उनके क्षेत्र में अधिक लड़कियां अभ्यास नहीं करती थीं। ऐसे में आसपास के लोग परिवार को ताने देते थे कि कौन सा मेडल जीतकर लाएगी जो कि बॉक्सिंग सीखा रहे हैं। नीतू ने अपनी मां मुकेश को मिले तानों का जुबां से जवाब देने के बजाय रिंग में पसीना बहाया और स्वर्ण पदक लेकर लौटी।

द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच जगदीश सिंह के पास रोजाना सुबह-शाम तीन-तीन घंटे का अभ्यास कर रही है। साथ ही दूध, दही और घी सहित पौष्टिक आहार ले रही है। हरियाणा के भिवानी जिले के गांव धनाना निवासी नीतू घनघस (21) ने वर्ष 2012 में भिवानी में कोच जगदीश के पास ट्रेनिंग शुरू की थी। मेहनत के बल पर वह आज इस मुकाम पर पहुंची है। 48 किलो भारवर्ग की बॉक्सर नीतू सीबीएलयू से एमपीएड की पढ़ाई कर रही हैं। मुक्केबाजी में महज 10 साल के सफर में नीतू ने गांव की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना दी है।  
विज्ञापन

2 of 8
नीतू घनघस के हर पंच पर खेल प्रेमी जोश से भर उठे - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नीतू के हर पंच पर जोश से भर उठे परिजन, जीत से आए आंखों में खुशी के आंसू
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप देखने के लिए दर्शक दीर्घा में खेल प्रेमियों का हुजूम जोश के साथ अपनी पसंदीदा खिलाड़ी नीतू के खाते में स्वर्ण देखने को बेताब थी। नवरात्र का चौथा दिन। शाम के करीब 6.25 बजे 48 किलोग्राम में नीतू घनघस ने मंगोलिया की मुक्केबाज लुत्साइखान को हराकर स्वर्ण पदक हासिल कर अपने खेल प्रेमियों का दिल जीतने के साथ देश में हरियाणा का परचम लहरा दिया।
विज्ञापन

3 of 8
नीतू घणघस - फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के रिंग में उतरी भिवानी की बेटी नीतू घनघस के हर पंच पर खेल प्रेमी जोश से भर उठे और अपनी खुशी का इजहार किया। बेटी के स्वर्णिम पंच से मिली जीत के बाद परिजनों की आंखों में भी खुशी के आंसू छलक आए। परिजन स्टेडियम में ही झूमने लगे और तिरंगे के साथ खुशी मनाने लगे।

नीतू के पिता जयभगवान बोले आज बेटी ने सपना पूरा कर दिया। नीतू के ताऊ रणबीर प्रधान की खुशी का भी ठिकाना नहीं था। रणबीर ने कहा कि नीतू ने आज उनके परिवार का नाम रोशन कर दिया। नीतू जैसी बेटी घर-घर में पैदा हो। नीतू की रिंग में विजेता की घोषणा होने के साथ ही गांव धनाना से लेकर दिल्ली तक जश्न का माहौल बन गया।

4 of 8
कृषि मंत्री ने नीतू की जीत पर दी बधाई - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कृषि मंत्री ने नीतू की जीत पर दी बधाई
प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने भी नीतू की जीत पर बधाई दी। मंत्री जयप्रकाश दलाल ने हरियाणा सरकार की तरफ से खेल और खिलाड़ियों को हर तरह से प्रोत्साहन देने का संकल्प दोहराया। जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त नरेश नरवाल और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने भी नीतू की जीत पर बधाई दी। नीतू के कोच और खेल जगत से जुड़े लोगों ने नीतू की शानदार जीत पर खुशी जताई।
विज्ञापन

5 of 8
नीतू घनघस की जीत पर खुशी मनाते परिजन व खेल प्रेमी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेटी का मैच देखने दिल्ली गया था पूरा परिवार
लाडली बेटी नीतू का मैच देखने के लिए पूरा परिवार दिल्ली गया था। रिंग में अपनी बॉक्सर बेटी के मुक्के देखते हुए कभी परिजन व कोच भावुक हुए तो कभी उनके दिलों की धड़कनें बढ़ गईं। हालांकि नीतू ने सभी की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए मंगोलिया की अपनी प्रतिद्वंद्वी बॉक्सर लुत्साइखान को अपने दमदार मुक्कों से धूल चटा दी। नीतू ने फाइनल मुकाबला एकतरफा जीता।

नीतू ने पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने नाम कई पदक किए हैं। मैने खुद आज का मैच स्टेडियम में जाकर देखा है। नीतू ने दनादन मुक्के बरसाकर मंगोलिया की मुक्केबाज को हराया है। नीतू अन्य मुक्केबाजों के लिए प्रेरणादायी बनी है। -मुक्केबाज बिजेंद्र सिंह बैनीवाल, ओलंपिक पदक विजेता
विज्ञापन

6 of 8
मनीष, जगदीश और कमल। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रामीण अंचल से निकलकर नीतू ने मुक्केबाजों के लिए एक नई प्रेरणा स्थापित की है। हमें पूरी उम्मीद है कि नीतू पेरिस ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेगी। अन्य बेटियां भी इनके प्रदर्शन से हौसला लेकर खेल में आगे आएंगी। -मनीष कौशिक, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज

नीतू पिछले साल मैरी कोम को हराकर सुर्खियों में आई थी। अब नीतू ने विश्व मुक्केबाजी में स्टॉर के रूप में अपनी पहचान बना ली है। देश की अन्य मुक्केबाज भी नीतू की तर्ज पर पदकों की झड़ी लगाने का काम करेंगी। भिवानी पहुंचने पर नीतू का जोरदार स्वागत किया जाएगा। क्लब में भी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। नीतू की जीत पूरे देश व बेटियों की जीत है। -जगदीश कोच द्रोणाचार्य अवार्डी

भिवानी बॉक्सिंग क्लब की मुक्केबाज नीतू घनघस ने विश्व मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। क्लब में देशभर के विभिन्न राज्यों के एक सौ मुक्केबाज अभ्यास कर रहे हैं। नीतू से प्रेरणा लेकर भिवानी की बेटियां भी बॉक्सिंग की भावी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगी। -कमल सिंह प्रधान, संरक्षक भिवानी बॉक्सिंग क्लब।
विज्ञापन

7 of 8
प्रिया असीजा, अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भिवानी, नरेश नरवाल, उपायुक्त भिवानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी की बेटी की विश्वस्तरीय उपलब्धि से पूरा जिला प्रदेश और देश गौरवान्वित हुआ है। बेटी का भिवानी आगमन पर जिला प्रशासन की तरफ से सम्मान किया जाएगा। नीतू का खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। भविष्य में भी उससे इसी तरह स्वर्ण पदक की उम्मीद है। हरियाणा सरकार की खेल नीति भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। -नरेश नरवाल, उपायुक्त भिवानी।

भिवानी की नीतू घनघस ने महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में मंगोलिया की मुक्केबाज को हराकर शानदार जीत दर्ज की है। भिवानी के लिए ये और भी खुशी की बात है कि नीतू ने विश्वस्तर पर भिवानी को नवरात्र के दौरान विश्व मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक दिला दिया है। अन्य बेटियों को भी प्रोत्साहन लेकर खेल में आगे बढ़कर सुनहरा भविष्य बनाना चाहिए। -अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक भिवानी।

नवरात्र में भिवानी की महिला मुक्केबाज नीतू घनघस ने विश्व महिला मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतकर नारी शक्ति स्वरूपा की अपार शक्ति को साबित कर दिया है। बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं, ये बेटियों ने खुद अपनी काबिलियत से साबित कर दिखाया है। नीतू की तरह ही भिवानी की अन्य बेटियां भी खेलों में अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। -प्रिया असीजा, मिसेज हरियाणा 2018 विजेता।
विज्ञापन

8 of 8
नीतू के पिता जयभगवान। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेटी नीतू की जीत पर गांव धनाना से लेकर दिल्ली तक जश्न का माहौल है। यह देखकर आज मेरी खुशी का ठिकाना नहीं है। पूरे मैच के दौरान मेरी दिल की धड़कनें बढ़ रही थी। हालांकि बेटी ने पूरे मुकाबले को एकतरफा बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की है। मुझे बेटी पर गर्व हैं। मेरा सपना बेटी ने पूरा कर दिया है। -जयभगवान नीतू के पिता। 

नीतू जैसी बेटी हर घर में पैदा होनी चाहिए। आज बेटी ने विश्व मुक्केबाजी में सोना जीतकर हमारा सीना चौड़ा कर दिया है। नीतू ने अपने कहे अनुसार गोल्ड मेडल जीतकर देश को दिया है। मेरी मुख्यमंत्री मनोहरलाल से भी गुजारिश है कि बेटी के गांव धनाना में खेल स्टेडियम की मांग जल्द से जल्द पूरी कराए, ताकि गांव की अन्य बेटियां भी इसी तरह का प्रदर्शन कर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। -रणबीर प्रधान, नीतू के ताऊ

बहन की जीत कि बहुत खुशी है। मुझे अब पूरा भरोसा है कि नीतू ओलंपिक में भी गोल्ड मेडल लाएगी। आज पूरे परिवार ने अपनी आंखों से नीतू को मंगोलिया की खिलाड़ी पर पंच बरसाते हुए देखा है, जिसे देखकर हम सब लोग जोश से भर उठे। -सीटू घनघस, नीतू का भाई

नीतू की जीत से हम सबको काफी हौसला मिला है। नीतू सभी के लिए प्रेरणा बनी है। इसी तरह हम भी कड़ी मेहनत कर देश के लिए मेडल जीतेंगे। नीतू का मैच देखकर बड़ी खुशी हुई और उसका उम्दा प्रदर्शन मेरे लिए यादगार पल रहा है। -सोनिका महिला मुक्केबाज, नीतू की साथी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें