हरियाणा के भिवानी शहर में चोर बेखौफ हो चुके हैं तो पुलिस उनके आगे बेबस नजर आ रही है। शहर के दिनोद गेट क्षेत्र में एक ही रात में चार मंदिरों के ताले चटकाकर चोर दानपत्र ले उड़े और पांचवें मंदिर में भी चोरी का प्रयास हुआ। ये चोरियां सराय चोपटा मंदिर, दिनोद गेट हनुमानजी मंदिर, दिनोद गेट जैन गली मंदिर और कृष्णा कॉलोनी शनि मंदिर में हुईं।
वहीं, हलवाई की दुकान में भी नौ दिन में तीसरी बार चोरी हो गई। चोरी की वारदात के बाद इलाके के लोग भी सहमे हुए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन से भी चोरी की वारदात पर अंकुश लगाने व गश्त बढ़ाने की मांग की है। वारदात के दौरान चोर चोटिल हो गया, मंदिर में मौके पर खून फैला भी मिला। वहीं सीसीटीवी कैमरे में भी संदिग्ध चोर नजर आया है। चोरी की वारदात की शिकायतें भी दिनोद गेट पुलिस चौकी में दी गई है। जिनके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।