गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला।
विजयादशमी शोभायात्रा पर रहेगी सीसीटीवी की नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखनाथ मंदिर से मानसरोवर मंदिर व रामलीला मैदान तक निकाली जाने वाली विजयादशमी शोभायात्रा पर सीसीटीवी कैमरे की नजर रहेगी। नगर निगम इस शोभायात्रा रूट पर 24 सीसीटीवी कैमरे लगवाएगा। इसके अलावा नगर निगम की ओर से मूर्तियों के लिए राप्ती तट पर बनाए गए कृत्रिम तालाब के पास भी छह सीसीटीवी कैमरे लगवाएगा। साथ ही ड्रोन कैमरे से भी नगर निगम की ओर से निगरानी की जाएगी।
रविवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने विजयादशमी पर मुख्यमंत्री के शोभायात्रा का पूरा रूट एवं राप्ती नदी के तट पर मूर्तियों के विसर्जन के लिए नगर निगम द्वारा बनवाए जा रहे कृत्रिम तालाबों का निरीक्षण किया। राप्ती नदी के तट पर मूर्तियों के विसर्जन के लिए कुल 3 पोखरों का निर्माण कराया गया है, जिसमें से दो पोखरों में पानी भी भरा जा चुका है।
नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता शैलेश कुमार एवं अवर अभियंता को पोखरों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया ताकि मूर्तियों के विसर्जन के समय कोई अप्रिय घटना न हो। निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, जोनल अधिकारी जोन 3, सहायक अभियन्ता शैलेश कुमार, अवर अभियंता विवेकानन्द सिंह आदि मौजूद रहे।