पैरों के लिए कोई भी फुटवियर चलेगा? यह सोच पैरों की सेहत के लिए ठीक नहीं है। विशेषकर तब जब आप हाई हील्स चप्पलें लेने की सोच रही हैं। हाई हील्स चप्पलें सुंदरता और पर्सनैलिटी तो बढ़ाती हैं, लेकिन इसी के साथ ये सेहत पर भी असर डालती हैं। आपकी सेहत और खूबसूरती दोनों बनी रहे, इसलिए हील्स का चुनाव करते समय कुछ बातों को ध्यान में अवश्य रखें जैसे, हाई हील्स फुटवियर नॉन-ब्रांडेड की जगह ब्रांडेड लें।
अच्छे ब्रांड की हील खरीदने से हील्स के कहीं भी निकल जाने का खतरा लगभग कम होता है। साथ ही इसकी डिजाइन में बैलेंस का विशेष ध्यान रखा जाता है। प्वाइंटेड हील की बजाय थोड़ी चौड़ी हील का चुनाव करें, क्योंकि प्वाइंटेड हील्स में पैर मुड़ने की अधिक संभावना होती है। डिजाइन ही नहीं, बल्कि हील पहनने में आरामदायक भी होने चाहिए है। इस बात को कभी नजरअंदाज न करें।
विज्ञापन
2 of 3
heels
हील्स खरीदने का सही समय
अमूमन फुटवियर की खरीदारी करते वक्त हम समय का ध्यान नहीं रखते हैं। इस वजह से हम सही नाप नहीं खरीद पाते हैं। चूंकि दोपहर में आपका पैर सामान्य से थोड़ा बड़ा होता है, क्योंकि उस समय आपका पैर पूरी तरह से सक्रिय होता है। इस समय में हील्स या जूते-चप्पल खरीदना आपके लिए अच्छा रहेगा। और हां, जो भी चप्पल लें, उसे पहनकर थोड़ा चलें। इससे आप महसूस कर पाएंगी कि उक्त चप्पल आपके पैरों के लिए फिट है या नहीं।
अगर आपको चलने में थोड़ी भी कठिनाई महसूस हो रही हो, तो उसे यह सोचकर बिल्कुल भी न लें कि नियमित पहनने के बाद वह पैरों में फिट आ जाएगा। सैंडिल्स और हाई हील्स के साथ ऐसा नहीं होता, इसलिए सही नाप से कोई समझौता न करें। हील्स पहनकर चलते वक्त अक्सर हील्स से टक-टक की आवाजें आती हैं, जो अच्छा भी नहीं लगता है। आप चाहती हैं कि आपके हील्स से इस तरह की आवाजें न आएं, तो अपने हील्स में हील्स कैप लगवा लें। इससे आपके हील्स से आवाज भी नहीं आएगी और थोड़ा सपोर्ट भी मिलेगा।
डॉ. सुनील कुमार, सीनियर कंसल्टेंट, आॅर्थोपेडिक्स, श्रीबालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट
हमारे शरीर का पूरा वजन हमारे पैरों पर पड़ता है। ऐसे में अपने फुटवियर का चयन करते समय खास ख्याल रखना चाहिए। आजकल हाई हील्स का युवा पीढ़ी में काफी क्रेज है। मगर फैशन के इस दौर में यह भी ध्यान में रखना जरूरी है कि हाई हील के अधिक इस्तेमाल करने से टखने की ताकत और पैरों का संतुलन प्रभावित हो सकता है और आपकी कमर, कूल्हे, कंधों में भी दर्द का आभास हो सकता है। इसलिए हाई हील्स खरीदते समय इस बात को सुनिश्चित कर लें कि इससेे आपका पैर अधिक न मुड़े।
ज्यादा ऊंची हील से पैरों की उंगलियों, एड़ी और जोड़ को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए जहां तक संभव हो, फ्लैट कुशन वाले फुटवियर का ही इस्तेमाल करें। यदि हाई हील्स पहनती हैं, तो अधिक देर तक इसे पहनकर न रहें। हील्स की लंबाई दो या तीन इंच से ज्यादा न हो।