फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Narak Chaturdashi 2022: रूप चौदस के मौके पर ये चार उबटन निखारेंगे रूप, दमकायेंगे त्वचा

Sun, 23 Oct 2022 03:25 PM IST
स्वाति शैवाल लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 7
सजी निखरी त्वचा के लिए उबटन का इस्तेमाल - फोटो : istock
नर्क चतुर्दशी या नर्क चौदस जिसे रूप चौदस के नाम से भी पहचाना जाता है, दीपावली के त्यौहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मान्यता है कि इस दिन सुबह सूरज उगने से पहले उठकर, उबटन लगाकर स्नान करने और श्रृंगार के साथ तैयार होने से शुभता जीवन में आती है। इससे जुड़ी कई कहानियाँ और कथाएं भी कही जाती हैं। इन सबसे इतर अगर व्यवहारिक भाव से भी लें तो यह समझा जा सकता है कि चूंकि दीपावली के पहले साफ़-सफाई और रंग-रोगन के चलते हमारी त्वचा और पूरा शरीर भी धूल-गंदगी आदि के सम्पर्क में आता है, इसलिए यह एक विशेष दिन हमें अपनी देखभाल करने, खुद को पैम्पर करने का अवसर भी देता है, क्योंकि आखिर तो त्योहारों का मतलब सजने-संवरने से भी है। 

इसलिए ही इस दिन विशेष उबटनों और श्रृंगार सामग्री का उपयोग कर खासकर महिलाएं और युवतियां रूप निखारती हैं। लेकिन यह त्यौहार केवल महिलाओं- युवतियों के लिए ही नहीं है। खुद को सजाना-संवारना और अपनी देखभाल करना एक व्यक्ति का अधिकार होता है। जानिए इस रूप रूप चौदस ऐसे चार उबटनों के बारे में, जो दीवाली की सारी थकान भी दूर करे और आपको बनाएं निखरा-संवरा। 
विज्ञापन

2 of 7
कोमल और मुलायम त्वचा के लिए - फोटो : istock
इसलिए है उबटन फायदेमंद 

दीपावली की सफाई की वजह से उड़ने वाली धूल और गंदगी तो त्वचा पर बुरा प्रभाव डालती ही हैं। इस समय चूँकि मौसम में भी बदलाव आने लगता है, इसलिए भी त्वचा की अतिरिक्त देखभाल जरूरी हो जाती है। ऊपर से इस समय शॉपिंग और घर के कई कामों से बाहर भी धूल, धुएं और प्रदूषण में निकलना पड़ता है। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि त्वचा को ऐसी देखभाल दी जाए जो डेड सेल्स को भी निकाल दे, गंदगी को रिमूव करे और त्वचा को पोषण देकर स्वस्थ व चमकदार बनाये रखे। उबटन इन सारे गुणों से लैस होता है। यही कारण है कि भारतीयों घरों में उबटन की परम्परा बहुत पुरानी है। जब साबुन या अधिक कॉस्मेटिक्स उपलब्ध नहीं थे, तब भी उबटन का इस्तेमाल हुआ करता था। ऐसे ही चार उबटन इस दीवाली के त्योहार देंगे आपकी त्वचा को निखार। 
विज्ञापन

3 of 7
बेसन उबटन - फोटो : Pixabay
1. बेसन, हल्दी और दूध से बना उबटन:
 
सामग्री: दो बड़े चम्मच बेसन (थोड़ा मोटा पिसा बेसन हो तो और अच्छा), आधा टी स्पून हल्दी, घोलने के लिए दूध और गुलाबजल। 

उपयोग: बेसन में हल्दी डालकर इतना दूध डालकर मिलाएं कि उबटन पकौड़े के बैटर जैसा हो जाए, न बहुत पतला, न ही बहुत गाढ़ा। अब इसमें आधा टी स्पून गुलाबजल मिला लें। इस उबटन को चेहरे, हाथ-पैरों आदि पर लगाकर थोड़ी देर सूखने दें। जब यह सूख जाए तो हाथ में थोड़ा थोड़ा पानी लेकर हल्के हाथों से धीरे-धीरे रगड़ते हुए इसे धो डालें। याद रखें कि तेजी से रगड़ना नहीं है वरना त्वचा पर रैशेज और दाने भी उठ सकते हैं। इसे धोने के बाद त्वचा पर साबुन न लगायें। लेकिन थोड़ा सा मॉइश्चराइजर अवश्य लगाएं। ये त्वचा को एकदम मुलायम और चमकदार बना देगा। 

4 of 7
स्क्रब का भी काम करता है उबटन - फोटो : pixabay
2. चोकर या मोटे आटे का उबटन:
सामग्री:
मोटा आटा या चोकर (यदि आपके पास दोनों ही न हों तो ओट्स को पीसकर भी ले सकते हैं), आम्बा हल्दी (ये हल्दी आमतौर पर हड्डियों की चोट या दर्द को दूर करने के लिए उपयोग में लाई जाती है, इसे आप किराना दुकान या देशी दवाइयों की दूकान से भी खरीद सकते हैं), आधा टी स्पून मलाई और एक टी स्पून नीबू या संतरे के छिलकों का पावडर। 

उपयोग: सभी सामग्री को मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। इस पेस्ट को चेहरे और कुहनियों, गर्दन आदि पर मोटी लेयर के रूप में लगा लें। जब यह सूख जाए तो पानी में हाथ भिगोकर इसे नीचे से ऊपर की ओर यानी उलटी दिशा में हल्के से रगड़ते हुए निकालें। उदाहरण- चेहरे पर ठोड़ी की तरफ से निकालते हुए माथे की तरफ जाएँ। पूरा पेस्ट निकल जाए तो पानी से त्वचा को अच्छी तरह धोकर मॉइश्चराइजर लगा लें। आप चाहें तो इसे रोटी के आटे से थोड़ा और सख्त गूंथकर इससे लोई का काम भी ले सकते हैं। इससे त्वचा की मृत कोशिकाएं भी निकल जाएंगी और नई चमक भी आ जाएगी। 
विज्ञापन

5 of 7
फूलों से भी तैयार हो सकता है उबटन - फोटो : pixabay
3.बादाम, शहद और गुलाब का उबटन:

सामग्री:  
6-8 बादाम रात भर भिगो कर रखे हुए, आधा छोटा चम्मच शहद, 2-3 गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां और मिक्स करने के लिए 3-4 छोटे चम्मच दूध। 

उपयोग: बादाम और गुलाब की पत्तियों को बारीक पीस लें। इसमें दूध और शहद को अच्छी तरह मिक्स करें और इसका पतला सा पेस्ट बना कर पूरी त्वचा पर लगा लें। सूखने पर इसे भी सामान्य पानी की सहायता से हल्के हाथों से रगड़ते हुए निकालें। आप चाहें तो इसे रिमूव करने के लिए भी दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह त्वचा को मुलायम बनाने के साथ ही पर्याप्त मॉइश्चर भी देगा और निखार भी बढ़ाएगा। 
विज्ञापन

6 of 7
फायदेमंद हैं नीम के औषधीय गुण - फोटो : pixabay
4. नीम, एलोवेरा और तुलसी का उबटन:

सामग्री:
एक बड़ी कटोरी में बराबर मात्रा में नीम और तुलसी के पत्ते और एलोवेरा के पौधे से निकला जैल।  

उपयोग: नीम और तुलसी को अच्छी तरह धोकर पीस लें। यह पेस्ट मेहँदी जैसा दिखाई देगा। अब इसमें एलोवेरा का जैल मिला लें। हाथों या ब्रश की सहायता से चेहरे और बाकी त्वचा पर लगाएं। प्रकृति के दो अद्भुत उपहार, नीम और तुलसी दोनों ही स्वास्थ्यवर्धक गुणों से भरपूर हैं। केवल त्वचा ही नहीं, ये सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए औषधि की तरह भी उपयोग में लाये जाते हैं। नीम के पत्तों में तो त्वचा के संक्रमण को समाप्त करने तक की शक्ति होती है। इसी तरह एलोवेरा में भी कई औषधीय गुण होते हैं और त्वचा को दाग-धब्बों से मुक्ति दिलाने में यह बहुत मददगार साबित होती है। इस पेस्ट को भी कम से कम 10-15 मिनिट लगा रहने दें और बाद में साधारण पानी से धो लें।  
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
त्वचा को दें ख़ास देखभाल - फोटो : pixabay
यह भी रखें ध्यान में:
  • यदि आपको किसी भी प्रकार की एलर्जी है, आपकी त्वचा अधिक सेंसेटिव है डॉक्टर ने आपको त्वचा पर कुछ भी लगाने से मना किया है, तो उबटन का प्रयोग परामर्श के बाद ही करें।  
  • आप किसी प्रकार के संक्रमण से गुजर रहे हैं जो आसानी से फ़ैल सकता है, जैसे कि दाद, खाज या हर्पीज़, तो भी उबटन से परहेज करें। 
  • सबके शरीर की तासीर अलग अलग होती है और इसलिए ही कई लोगों को बेसन या हल्दी सूट नहीं होती। ऐसी स्थिति में बेसन की जगह गेहूं के चोकर या ओट्स के आटे का उपयोग करें।
  • अगर आपके पास घर में उबटन बनाने का सामान या समय नहीं है तो बाजार में मिलने वाले उबटन के इंग्रेडिएंट्स का प्रयोग करके या तैयार उबटन का प्रयोग करके भी त्वचा को निखार सकते हैं। जरूरत बस यह ध्यान में रखने की है कि इसके इंग्रेडिएंट्स आपकी त्वचा के अनुकूल हों। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें