साल 2021 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है और अब इस साल के बीच घटी हर घटना फ्लैशबेक की तरह सबके सामने आ रही है। साल 2020 पूरी तरह कोरोना वायरस की भेट चढ़ गया था लेकिन साल 2021 की स्थिति में थोड़ा सुधार दिखा। फिल्म इंडस्ट्री में काम शुरू हो गया था लेकिन जब बात थिएटर्स की आती है, तो स्थिति ज्यादा खास नहीं थी। इस साल ज्यादातर फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुईं, जिससे ओटीटी ने दर्शकों के बीच एक खास जगह बना ली है।
इस साल टीवी से लेकर बॉलीवुड तक से जुड़े कई सितारों ने ओटीटी की दुनिया में कदम रखा, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म की सफलता का जीता-जागता उदाहरण है। इन सबके बीच कुछ ऐसे सितारे भी हैं, जिन्होंने इस साल अपनी धांसू एक्टिंग से फैंस का दिल जीत लिया। इतना ही नहीं, इन सितारों के काम की चर्चा लंबे समय तक फैंस के बीच होती रही थी। आइए आपको साल 2021 में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर राज करने वाले सितारों के नाम बताते हैं।