क्या है सीरीज की कहानी
'दून कांड' में इंस्पेक्टर अरविंद रावत की कहानी है, जो अपनी पत्नी तमन्ना और बेटी मुस्कान के साथ एसएसपी के रूप में उत्तराखंड में आते हैं। हालांकि, यहां पर अरविंद रावत का दुश्मन पहले ही उसका इंतजार कर रहा है, जो नरेश है। नरेश पुलिस अधीक्षक अरविंद से अपने भाई परेश की मौत का बदला लेना चाहता है। ऐसे में वह अरविंद की पत्नी तमन्ना और बेटी मुस्कान का अपहरण कर लेता है। अब कैसे अरविंद रावत अपने परिवार को अपराधी के चंगुल से निकाल पाते हैं, ये सीरीज स्ट्रीम होने के बाद ही पता चलेगा।
इस सीरीज में इकबाल खान पुलिस अफसर अरविंद रावत का किरदार निभा रहे हैं। इकबाल ने कहना है, 'एक पुलिस अफसर के चरित्र को दिखाना हमेशा चुनौतीपूर्ण और प्रेरक होता है। जब निर्माता अरविंद रावत का किरदार मेरे पास लेकर आए थे तब मैंने तुरंत हां कर दी थी।' वहीं, सीरीज में तमन्ना के किरदार में डोनल बिष्ट हैं। उनका कहना है, 'मैं तमन्ना की भूमिका निभा रही हूं, जो एक नरम दिल वाली लेकिन एक मजबूत महिला है। सीरीज में पुलिस अफसर से शादी करने के बाद जिंदगी में कैसे-कैसे बदलाव आते हैं, ये दिखाया गया है। यह चरित्र थोडा़ चुनौतीपूर्ण है लेकिन बहुत ही संतोषजनक था।
10 एपिसोड की 'दून कांड' 20 जून 2022 को वूट पर स्ट्रीम होगी। खास बात ये है कि इस सीरीज को दर्शक फ्री में देख सकते हैं। 'दून काड' का निर्देशक मनोज खाड़े ने किया है और इसमें इकबाल खान, डोनल बिष्ट, इंद्रनील सेनगुप्ता, करमवीर मेहरा और निधि सेठ प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इस सीरीज का निर्माण विनय जी राय, विजय देसाई और विरल पांड्या ने वीआर मोशन फिल्म्स, सेभरिया पिक्चर्स और हेतल मल्टीमीडिया फिल्म्स के बैनर तले किया है। इस सीरीज को देहरादून में ही शूट किया गया है।