दुनिया के सबसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने अपने यहां काम करने वालों के लिए अपनी तिजोरी खोल दी है। कंपनी ने इस कोरोना काल में शूटिंग बंद होने से प्रभावित हुए कलाकारों और सेट्स पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए 10 करोड़ डॉलर का एक राहत कोष बनाया है। दुनिया भर में फैली कोरोना वायरस की महामारी से हजारों ऐसे कर्मचारी अपने काम से हाथ धो बैठे हैं जिनके घर का चूल्हा रोज शूटिंग के दौरान होने वाली कमाई से ही जलता रहा है। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के रूप में काम करने वाले कर्मचारी इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। नेटफ्लिक्स ने कहा है कि राहत कोष में मदद उन लोगों को सबसे पहले दी जाएगी जो सबसे ज्यादा मुश्किल में हैं।
इसके अलावा कंपनी ने ये भी कहा कि इसमें से डेढ़ करोड़ डॉलर का फंड उन गैर-लाभकारी संगठनों के पास जाएगा जो बाहर काम करने वाले कर्मचारियों को आपातकालीन राहत प्रदान कर रहे थे। यह उन देशों के लिए है जहां नेटफ्लिक्स ने अपना कारोबार फैला रखा है। नेटफ्लिक्स के चीफ कंटेंट ऑफिसर टेड सेरैंडस ने कहा, 'इस समुदाय ने नेटफ्लिक्स का साथ उसके अच्छे वक्त से दिया है। अब इस मुश्किल की घड़ी में हम उन्हें अकेला नहीं छोड़ सकते। खासकर ऐसे मौके पर जब कोई भी एक दूसरे की मदद के बारे में सोच भी नहीं सकता।'
रत में भी नेटफ्लिक्स का बहुत बड़ा बाजार है। कोरोना के डर से भारत में सभी फिल्मों और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग पर बीते मंगलवार से रोक लगी है। फिल्म इंडस्ट्री के तमाम संगठन इस बाबत 30 मार्च को फिर से बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में शूटिंग एक अप्रैल से शुरू करने या न करने पर फैसला लिया जाएगा।
पढ़ें: जनता कर्फ्यू में खिड़की-दरवाजे खोलकर डॉक्टर्स के लिए ये खास काम करेंगे अमिताभ बच्चन, हर कोई करेगा तारीफ