जब भी हॉरर फिल्मों की बात आती है तो जेहन में सबसे पहले रामसे ब्रदर्स का नाम आता है। कम बजट में रामसे ब्रदर्स ने कई ऐसी हॉरर फिल्मों का निर्माण किया है, जिनको देखकर दर्शको के रोंगटे खड़े हो जाते थे। सुनसान हवेलियों के चरमराते दरवाजों, अंधेरे कोनों से भागते चमगादड़ों, कब्रिस्तान से पसरते रहस्मयी धुएं, बिना कोचवान के भागती बघ्घियों वाली फिल्में बनाने वाले रामसे ब्रदर्स का नाम सिनेमा के सारे शौकीन जानते हैं। उनकी फिल्में ‘दो गज जमीन के नीचे’, ‘पुरानी हवेली’, ‘वीराना’ और ‘बंद दरवाजा’ की गिनती अब कालजयी डरावनी फिल्मों में होती है। तीन साल पहले इन्हीं रामसे ब्रदर्स की कहानी परदे पर उतारने का एलान निर्माता प्रीति सिन्हा ने अभिनेता अजय देवगन की कंपनी के साथ मिलकर किया था। चलिए आपको बताते हैं कि ये कहानी अब तक कहां तक पहुंची है...