फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

This Month On TV: स्मार्ट टीवी में बदला बुद्धू बक्सा, इस महीने देखिए ये नए धारावाहिक

Mon, 01 Feb 2021 08:37 AM IST
प्रतीक्षा राणावत मुंबई ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 9
जल्द शुरू होंगे ये नए टेलीविजन शो - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मनोरंजन चैनलों पर फरवरी के महीने में कॉमेडी, रोमांस, क्राइम और ड्रामा की भरमार होने वाली है। इस महीने अलग-अलग चैनलों पर कई धारावाहिक अपनी शुरुआत करेंगे और अपनी सामग्री से दर्शकों का मन मोहने की कोशिश में रहेंगे। देश में लॉकडाउन खत्म होने के बाद से टीवी का कैलेंडर अब तक बहुत ज्यादा दुरुस्त नहीं हो पाया है। लेकिन, फिर भी बहुत से कार्यक्रम दर्शकों के सामने पेश होने को तैयार हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि फरवरी में कौन से चैनल पर, कौन सा शो आपके दीदार के इंतजार में रहेगा..
विज्ञापन

2 of 9
सरगम की साढ़ेसाती - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सरगम की साढ़ेसाती
सबसे पहले शुरुआत करते हैं सोनी टीवी पर शुरू होने जा रहे एक पारिवारिक कॉमेडी धारावाहिक 'सरगम की साढ़ेसाती' से। ये धारावाहिक सरगम की कहानी है जो एक मध्यम वर्गीय परिवार के लड़के अपारशक्ति के साथ प्रेम विवाह कर लेती है। उसकी जिंदगी में मोड़ तब आता है जब उसे पता चलता है कि उसके ससुराल में तो सारे पुरुष ही हैं। और महिला है वह सिर्फ अकेली। यहां से कॉमेडी का तड़का लगना शुरू होता है। शो में सरगम का किरदार निभा रही हैं अभिनेत्री अंजली तत्रारी। अंजलि को कुछ ही समय पहले बंद हो चुके धारावाहिक 'मेरे डैड की दुल्हन' में वरुण बडोला और श्वेता तिवारी के साथ देखा गया। फरवरी के मध्य तक इसकी शुरुआत धारावाहिक 'इंडिया वाली मां' की जगह होने की चर्चा है।
विज्ञापन

3 of 9
मेंहदी है रचने वाली - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मेहंदी है रचने वाली
फरवरी का महीना प्रेमियों के लिए वैलेंटाइन डे के लिए मशहूर है। ऐसे मौके पर स्टार प्लस ने फैसला किया है कि वह प्यार मोहब्बत वाला ही एक धारावाहिक 'मेहंदी है रचने वाली' शुरू करेगा जिसमें शिवांगी खेड़कर और साई केतन राव मुख्य भूमिकाओं में होंगे। यह दोनों कलाकार अब तक तेलुगू इंडस्ट्री में काम करते रहे हैं लेकिन हिंदी में इनका यह पहला शो होगा। यह कहानी दो अलग अलग व्यक्तित्व वाले लोगों की है जिनकी जिंदगी में बहुत सी परेशानियां हैं। फिर भी वह खुश रहने के लिए खुद को दूसरा मौका देते हैं।

4 of 9
आपकी नजरों ने समझा - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
आपकी नजरों ने समझा
फरवरी में ही स्टार प्लस एक और रोमांटिक शो ‘आपकी नजरों ने समझा’ शुरू करेगा जो एक लड़की की कहानी होगी। वह लड़की अनाथ है और उसकी सौतेली मां और बहन उसे बहुत परेशान करते हैं। उस लड़की की जिंदगी तब बदल जाती है जब एक अमीर लड़के से उसकी शादी होती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस शो में अभिनेत्री ऋचा राठौर मुख्य भूमिका निभाएंगी। ऋचा को 'कुमकुम भाग्य', 'राधाकृष्ण', 'दिव्यदृष्टि' जैसे शोज में देखा जा चुका है।
विज्ञापन

5 of 9
अम्मा के बाबू की बेबी - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अम्मा के बाबू की बेबी
एक दूसरे से चैटिंग करते हुए बाबू और बेबी जैसे शब्दों का खूब इस्तेमाल करते हुए देखा गया होगा लेकिन अब इन शब्दों का इस्तेमाल होगा स्टार भारत पर 8 फरवरी से शुरू होने जा रहे धारावाहिक 'अम्मा के बाबू की बेबी' में। उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित यह शो एक बाल ब्रह्मचारी आदर्श पुत्र बाबू की कहानी है जिसकी मां को उस पर बहुत गर्व है। एक दिन वह आदर्श पुत्र एक बिगड़ैल लड़की बेबी से टकराता है और उसी दिन से उसकी जिंदगी बदल जाती है। अम्मा का किरदार इस धारावाहिक में अभिनेत्री विभा छिब्बर, बाबू का किरदार करण खन्ना और बेबी का किरदार गौरी अग्रवाल निभाएंगी। इसके अलावा स्टार भारत पर एक और धारावाहिक 'काला टीका' को शुरू करने की कवायद चल रही है लेकिन इसके बारे में अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है।
विज्ञापन

6 of 9
वागले की दुनिया - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
वागले की दुनिया
लगभग तीन दशक पुराने धारावाहिक 'वागले की दुनिया' को एक बार फिर से नए रूप में टीवी पर वापस लाया जा रहा है। इस बार यह धारावाहिक दूरदर्शन पर नहीं, बल्कि सोनी सब पर प्रसारित होगा। यह धारावाहिक कहानी होगी एक मध्यम वर्गीय परिवार के आदमी वागले की जो प्रतिदिन नई परेशानियों का सामना करता है। अपनी परेशानियों से निपटने का वागले का अलग अंदाज है और उसी में कॉमेडी भी होती है। वागले का किरदार इस धारावाहिक में निभाएंगे अभिनेता सुमीत राघवन। 8 फरवरी से यह धारावाहिक पहले से चल रहे धारावाहिक 'तेरा यार हूं मैं' की जगह ले लेगा।
विज्ञापन

7 of 9
उदारियां - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
उदारियां
फरवरी के महीने में कलर्स भी पीछे नहीं रहने वाला। वह भी एक धारावाहिक 'उदारियां' शुरू करने वाला है जिसमें अभिनेत्री प्रियंका चाहर और ईशा मालवीय मुख्य भूमिकाएं निभाएंगी। इस धारावाहिक की कहानी पंजाब की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। यह कहानी पूरे एक संधू परिवार की है जो देश से कनाडा जाकर रहने का सपना देखता है। हालांकि, उनकी किस्मत हर बार कुछ ऐसे करवट है कि उनके सपने को चकनाचूर होने में देर नहीं लगती। जब परिवार की दो बेटियां जैस्मिन और तेजो बड़ी होती हैं तो उनका भी यही सपना होता है। इन दोनों लड़कियों की ही कहानी होगी 'उदारियां'।

8 of 9
क्राइम पेट्रोल
मौका ए वारदात
मशहूर धारावाहिक 'क्राइम पेट्रोल' के जैसा एक शो 'मौका ए वारदात' एंड टीवी लेकर आ रहा है। यह धारावाहिक एपिसोड के आधार पर ही चलेगा जिसके हर एपिसोड में आपराधिक मामलों की एक नई गुत्थी सुलझाई जाएगी। शो के हर एपिसोड में कलाकार भी नए होंगे और कहानी भी। हर कहानी की पृष्ठभूमि भी बिल्कुल अलग होगी। फिलहाल इस शो की तारीख निश्चित नहीं है।
विज्ञापन

9 of 9
इंडियन प्रो म्यूजिक लीग - फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इंडियन प्रो म्यूजिक लीग
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की तर्ज पर जी टीवी शुरू करने जा रहा है 'इंडियन प्रो म्यूजिक लीग'। यह एक रियलिटी शो है जिसके प्रसारित होने की तारीख अब तक तय नहीं हुई। अंदाजा है कि फरवरी माह के अंत तक इसका शुभारंभ हो जाएगा। यह शो गायकों की प्रतियोगिता होगी जिसमें नए और पुराने दोनों प्रकार के कलाकार हिस्सा लेंगे। शो में छह टीमें होंगी और हर टीम का एक नामचीन मालिक भी होगा। इन मालिकों में जेनेलिया देशमुख, गोविंदा, श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, सुरेश रैना और बॉबी देओल शामिल हैं। शान, कैलाश खेर, मीका सिंह, शिल्पा राव जैसे कई मशहूर गायक इन टीमों के मेंटॉर होंगे।

पढ़ें: बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट का निधन और मधुराज मधु के उपन्यास पर बनेगी फिल्म, पांच खबरें
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें